Bihar Road Accident: मौत बनकर दौड़ी शराब लदी होने के शक वाली पिकअप, पुलिस के सामने 3 युवकों को रौंदा, सड़क पर तड़पते रहे घायल

Bihar Road Accident: सीवान में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए।....

Bihar Road Accident:  सीवान में शनिवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि शराब लदी होने के संदेह में पुलिस एक तेज रफ्तार पिकअप का पीछा कर रही थी। इसी दौरान अनियंत्रित पिकअप ने गांव की संकरी सड़क पर टहल रहे तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें रौंदते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।यह हादसा बसंतपुर थाना क्षेत्र के बसाव गांव में हुआ। मृतक की पहचान गांव के निवासी असरफ के 38 वर्षीय पुत्र मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में बसाव गांव के मोहम्मद इरशाद के 33 वर्षीय पुत्र सुल्तान और पश्चिम बंगाल निवासी पंचायती के पुत्र पॉल रमेश शामिल हैं। पॉल रमेश की हालत नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया है। वहीं, सुल्तान का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

शादी समारोह में शामिल होने आए थे रिश्तेदार

परिजनों के मुताबिक, गांव में एक शादी समारोह आयोजित था। इसमें शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल से रिश्तेदार पॉल रमेश भी बसाव गांव आए हुए थे। शनिवार की रात खाना खाने के बाद आसिफ, सुल्तान और पॉल रमेश गांव की पतली सड़क पर टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया।टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क किनारे लहूलुहान होकर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले। मौके पर पहुंचने के बाद लोगों ने तीनों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा।

घायलों को छोड़ पिकअप का पीछा करती रही पुलिस!

इस घटना को लेकर ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस वक्त पिकअप ने तीनों युवकों को कुचला, उस समय बसंतपुर थाने की पुलिस गाड़ी उसका पीछा कर रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिकअप में शराब लदी होने के संदेह पर पुलिस उसका पीछा कर रही थी। आरोप है कि हादसे के बाद सड़क पर घायल पड़े युवकों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय पुलिसकर्मी पिकअप का पीछा करते हुए आगे निकल गए। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस यदि तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाने की पहल करती तो शायद उनकी जान बचाने की कोशिश बेहतर तरीके से हो सकती थी।

गड्ढे में चली गई पिकअप, चालक समेत वाहन जब्त

स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों युवकों को टक्कर मारने के बाद पिकअप कुछ दूर तक तेज रफ्तार में आगे बढ़ती रही। इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और पिकअप सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। इसके बाद पुलिस ने चालक समेत पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया। उधर, ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को बसंतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते-पहुंचते मोहम्मद आसिफ ने दम तोड़ दिया।

थानाध्यक्ष ने की पिकअप जब्त होने की पुष्टि

मामले में बसंतपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने पिकअप को चालक समेत पकड़ लिया है। हालांकि, हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय पुलिस द्वारा पिकअप का पीछा जारी रखने के आरोप पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, पुलिस की भूमिका को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। हादसे के दौरान पुलिस की कार्रवाई और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता नहीं मिलने के आरोपों की निष्पक्ष जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।