siwan blast: सिवान में दो हादसों के पीड़ितों को राहत, सात मृतकों के परिजनों के लिए मंजूर हुई राशि

siwan blast: सिवान में आलमपुर पटाखा विस्फोट और रसूलपुर अग्निकांड के सात मृतकों के परिजनों को 28 लाख रुपये की सहायता मंजूर हुई। मुस्कान सिद्दीकी के मुआवजे पर फैसला बाकी है।

siwan blast: सिवान जिले में दो अलग-अलग हादसों में जान गंवाने वाले सात लोगों के परिजनों को जिला प्रशासन की ओर से कुल 28 लाख रुपये के अनुग्रह अनुदान की स्वीकृति दी गई है। मंगलवार को अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन ने मृतकों के निकटतम आश्रितों को चार-चार लाख रुपये के स्वीकृति पत्र सौंपे।


आलमपुर पटाखा विस्फोट में जान गंवाने वाले पांच लोगों के आश्रितों को कुल 20 लाख रुपये और बड़हरिया के रसूलपुर में नाटक मंचन के दौरान आग लगने से मृत दो बाल कलाकारों के परिजनों को कुल आठ लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। स्वीकृत राशि मृतकों के आश्रितों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी।


आलमपुर विस्फोट के पांच मृतकों के परिजनों को 20 लाख


बड़हरिया अंचल के आलमपुर गांव में 23 अक्टूबर को पटाखा विस्फोट के दौरान हुए अग्निकांड में पांच लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में भोला सिंह, अरशद सिद्दीकी, अमिरुद्दीन मियां, इशरत और खुशबू शामिल हैं। प्रशासन की ओर से भोला सिंह की पत्नी इंदु देवी, अरशद सिद्दीकी की माता नसीमा खातून तथा अमिरुद्दीन मियां, इशरत और खुशबू के आश्रितों को चार-चार लाख रुपये के अनुग्रह अनुदान के स्वीकृति पत्र दिए गए हैं।


मलबे से मुस्कान का शव बरामद, मुआवजे को लेकर आगे की प्रक्रिया पर नजर


आलमपुर विस्फोट के बाद लापता 21 वर्षीय मुस्कान सिद्दीकी का शव मंगलवार, 27 अक्टूबर को मकान का मलबा हटाने के दौरान बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सिवान भेज दिया गया है। गौरतलब है कि जिला प्रशासन की ओर से मुआवजे के स्वीकृति पत्र वितरित किए जाने के समय जारी सूची में आलमपुर विस्फोट के पांच मृतकों के आश्रितों के नाम शामिल थे। मुस्कान का शव बाद में बरामद हुआ है। ऐसे में उसके परिजनों को अनुग्रह अनुदान देने के संबंध में प्रशासन की ओर से आगे क्या निर्णय लिया जाता है, यह देखना होगा। फिलहाल उपलब्ध प्रेस विज्ञप्ति में मुस्कान के परिजनों के लिए मुआवजे की स्वीकृति का उल्लेख नहीं है।


रसूलपुर अग्निकांड के मृत बाल कलाकारों के परिजनों को आठ लाख


बड़हरिया अंचल के रसूलपुर में 20 अक्टूबर की रात नाटक मंचन के दौरान आग लगने से दो बाल कलाकार गंभीर रूप से झुलस गए थे। दोनों को इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रशासन ने मृत बाल कलाकार अनिष सिंह की माता पूनम देवी और सूरज कुमार की माता चंचल देवी को चार-चार लाख रुपये के अनुग्रह अनुदान के स्वीकृति पत्र दिए हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर घटनोत्तर स्वीकृति सहित अन्य कागजी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।

सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट