Bihar Blast: थानाध्यक्ष समेत दो सस्पेंड,धमकों के बाद गहरी नींद से जागा प्रशासन,सीवान में खौफनाक विस्फोट से उड़े 5 लोगों के चीथड़े
Bihar Blast: पुलिस अधीक्षक ने जामो थानाध्यक्ष और एक चौकीदार को निलंबित कर दिया है।
Bihar Blast: बिहार के सिवान जिले के आलमपुर गांव में पटाखा बनाने के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। जामो थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान पूरी तरह ढह गया। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। मामले में शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर कार्रवाई करते हुए जामो थानाध्यक्ष और एक चौकीदार को निलंबित कर दिया है।
लापरवाही के आरोप में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में थाना स्तर पर लापरवाही के संकेत मिलने के बाद जामो थानाध्यक्ष धीरज कुमार और चौकीदार द्वारिका मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। घटनास्थल को सुरक्षित कर मामले की छानबीन की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घनी आबादी के बीच बन रहे थे पटाखे
आलमपुर गांव में जिस मकान में विस्फोट हुआ, वह रिहायशी इलाके में स्थित था। घनी आबादी के बीच पटाखा निर्माण किए जाने से सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय ग्रामीण जुनेद रिजवी के अनुसार, गांव के कुछ परिवार लंबे समय से पटाखे बनाने के कारोबार से जुड़े हुए हैं।
जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बताया कि पटाखे बनाने के दौरान ही विस्फोट हुआ। शुरुआती जानकारी में पटाखा निर्माण से संबंधित लाइसेंस करीब 20 साल पुराना बताया जा रहा है। हालांकि, लाइसेंस की वर्तमान वैधता, निर्माण की अनुमति और सुरक्षा नियमों के अनुपालन की स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
हादसे के बाद प्रशासन और पुलिस की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। अब जांच का मुख्य केंद्र विस्फोट की वजह, पटाखा निर्माण से जुड़े सुरक्षा मानक और संभावित लापरवाही है। इस घटना ने रिहायशी इलाकों में विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल और पटाखा निर्माण की निगरानी को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।
रिपोर्ट- ताबिश इरशाद