Siwan Cyber Fraud: 12 राज्यों में फैला था साइबर ठगी का जाल, सीवान पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर नितीश
सीवान पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए नौतन से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते पर 12 राज्यों में 14 शिकायतें दर्ज हैं। पढ़ें पूरी खबर।
सीवान पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने नौतन थाना क्षेत्र के मटिया टोला निवासी नितीश कुमार शर्मा (पिता मनोज शर्मा) को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना कांड संख्या 79/2026 के तहत की गई है।
तलाशी में बरामद हुए अहम दस्तावेज और गैजेट्स
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने जब आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले कई महत्वपूर्ण साक्ष्य हाथ लगे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, बैंक ऑफ महाराष्ट्र का डेबिट कार्ड और बैंक ऑफ इंडिया की एक पासबुक बरामद की है, जिनका उपयोग संदिग्ध लेनदेन के लिए किया जा रहा था।
12 राज्यों में दर्ज हैं ठगी की 14 शिकायतें
बरामद पासबुक में दर्ज बैंक खाते की जब साइबर पुलिस पोर्टल पर गहन जांच की गई, तो एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया। जांच में पता चला कि आरोपी के इस बैंक खाते के खिलाफ देश के 12 अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी की कुल 14 शिकायतें पहले से दर्ज हैं, जिससे इसके बड़े नेटवर्क का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं केस, आरोपी गया जेल
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हरियाणा के गुरुग्राम स्थित साइबर साउथ थाने में दो, उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक और मुंबई के साइबर साउथ थाने में एक प्राथमिकी दर्ज है। सीवान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
सीवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट