Bihar News : सिवान में कायाकल्प योजना में लापरवाही पड़ी भारी, डीएम ने 3 एचएम का वेतन रोका, शो कॉज नोटिस किया जारी
Bihar News : सिवान डीएम विजय प्रकाश मीणा ने जिले के विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। जहाँ लापरवाही को लेकर 3 एचएम के वेतन पर रोक लगा दी गयी है.....पढ़िए आगे
SIWAN : सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था दुरुस्त करने और विकास कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बुधवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों के सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत कायाकल्प योजना से कराए जा रहे कार्यों की जमीनी हकीकत परखी गई। निरीक्षण में लापरवाही और कमियां मिलने पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगने तथा उनके वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने अमलोरी सरसर से दारौंदा की ओर जाने वाले राष्ट्रीय उच्च पथ के किनारे स्थित सिवान सदर, पचरुखी और दरौंदा प्रखंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में रंग-रोगन, चहारदीवारी, विद्युत व्यवस्था, फेवर ब्लॉक सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में पाई गई कमियों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज की प्रधानाध्यापिका तथा मध्य विद्यालय अमलोरी सरसर के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। साथ ही, दोनों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने को कहा। वहीं, हुसैनगंज प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, चांप उर्दू के प्रधानाध्यापक के विरुद्ध भी इसी प्रकार की कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कायाकल्प योजना के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्यालयों को केवल कागजों पर सुंदर दिखाने के बजाय धरातल पर स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना होगा। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा से पहले पूरे किए जाएं। उन्होंने संबंधित विद्यालय प्रधानों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने या जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। औचक निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी, गोपनीय शाखा, प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, डीपीओ आईसीडीएस, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा, संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सिवान से तभी ताबिश इरशाद की रिपोर्ट