Siwan Police notice: सीवान में पत्रकार चित्रा त्रिपाठी को पुलिस का नोटिस, फेसबुक पोस्ट पर उठाए सवाल
Siwan Police notice: सीवान पुलिस ने मोहम्मद नदीम की मौत से जुड़े फेसबुक पोस्ट पर पत्रकार चित्रा त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पुलिस ने 48 घंटे में जवाब मांगा है।
Siwan Police notice: सीवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के सेरैया गांव में 30 वर्षीय मोहम्मद नदीम को पेट्रोल डालकर आग के हवाले किए जाने और इलाज के दौरान उनकी मौत के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। इस घटना को लेकर एबीपी न्यूज की एंकर एवं पत्रकार चित्रा त्रिपाठी के फेसबुक पोस्ट पर सीवान पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सीवान पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 5 नवंबर 2026 को जारी नोटिस में चित्रा त्रिपाठी से उनके फेसबुक पोस्ट में किए गए दावों और प्रसारित तथ्यों को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। पुलिस ने पोस्ट को प्रथम दृष्टया भ्रामक, असत्य एवं तथ्यहीन बताते हुए 48 घंटे के भीतर लिखित जवाब देने का निर्देश दिया है।
पुलिस की ओर से जारी नोटिस
पुलिस की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि 5 नवंबर को उनके फेसबुक पोस्ट के माध्यम से बिहार के सीवान जिले में हुई घटना को लेकर कुछ बातें सामने आईं। पोस्ट में जीबी नगर थाना क्षेत्र के सेरैया गांव की घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया था कि 30 वर्षीय मोहम्मद नदीम पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी, जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
नोटिस में पुलिस ने यह भी कहा है कि पोस्ट में घटना से संबंधित तथ्यों की समुचित पुष्टि किए बिना भ्रामक एवं निराधार खबर आम लोगों के बीच साझा की गई। इससे आम जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने और सामाजिक सौहार्द पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
48 घंटे में जवाब देने का निर्देश
सीवान पुलिस ने चित्रा त्रिपाठी को तीन प्रमुख निर्देश दिए हैं। इनमें पोस्ट में किए गए दावों से संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों के साथ अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना, यदि पोस्ट में तथ्यात्मक त्रुटि पाई जाती है तो उसका तत्काल खंडन एवं आवश्यक सुधार प्रसारित करना तथा भविष्य में किसी भी समाचार को प्रसारित करने से पहले तथ्यों की समुचित पुष्टि सुनिश्चित करना शामिल है।
पुलिस ने 48 घंटे में मांगा जवाब
पुलिस ने निर्धारित 48 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार सक्षम प्राधिकारियों से आवश्यक वैधानिक एवं नियामकीय कार्रवाई के लिए अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। नोटिस प्रभारी सोशल मीडिया सेल, सीवान दिनकर कुमार की ओर से जारी किया गया है। इसकी एक प्रति भी संलग्न की गई है। अब इस मामले में चित्रा त्रिपाठी की ओर से दिए जाने वाले जवाब और सीवान पुलिस के अगले कदम पर सबकी नजर रहेगी।
सिवान से ताबिश इरशाद की रिपोर्ट