दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
Supaul : जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार यादव (उम्र करीब 29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो किशनपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया वार्ड संख्या 16 का निवासी था। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि अनिल कुमार यादव अपने एक रिश्तेदार के यहां खाप टोला में निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल कुमार यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था उधर, जैसे ही इस दुखद घटना की सूचना मृतक के परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया मृतक अनिल कुमार यादव अपने परिवार का इकलौता सहारा था। वह अपने पीछे पत्नी विभा देवी और दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार की हालत बेहद दयनीय हो गई है। मृतक का बड़ा बेटा करीब ढाई साल का है, जबकि छोटी बेटी की उम्र महज एक वर्ष बताई जा रही है। इतनी कम उम्र में बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाना पूरे समाज को झकझोर देने वाली घटना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति सख्त कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दूसरी बाइक सवार की स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सड़क पर सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
सुपौल विनय कुमार मिश्र