Bihar Road Accident : सुपौल में भीषण सड़क हादसे में मेधावी छात्रा की हुई मौत, पिता गंभीर, मैट्रिक में 320 अंक लाकर घर में बिखेरी थी खुशियां
Bihar Road Accident : सुपौल में हुए भीषण सड़क हादसे में मेधावी छात्रा की मौत हो गयी. कुछ दिन पहले ही जारी हुए मैट्रिक के रिजल्ट में उसने 320 अंक हासिल की थी.......पढ़िए आगे
SUPAUL : जिले के करजाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी चौक के पास रविवार दोपहर करीब 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में 15 वर्षीय किशोरी बिपाशा भारती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता अजीत कुमार मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस वक्त हुई जब सिमराही की ओर से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप वैन और बाजार जा रहे पिता-पुत्री की बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
खून से लथपथ पिता-पुत्री, अस्पताल में हुई पुष्टि
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पिता-पुत्री सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँची करजाइन थाना पुलिस ने आनन-फानन में दोनों को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुँचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने जांच के उपरांत किशोरी बिपाशा को मृत घोषित कर दिया। पिता अजीत कुमार मेहता का इलाज फिलहाल जारी है, जिनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
बुझ गया घर का चिराग, गम में डूबा गांव
मृतका बिपाशा भारती अपने भाई-बहनों में सबसे छोटी और सबकी लाडली थी। वह पढ़ाई में बेहद मेधावी थी और उसने हाल ही में रतनपुरा हाई स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा प्रथम श्रेणी (320 अंक) से उत्तीर्ण की थी। घर में उसकी सफलता की खुशियां अभी थमी भी नहीं थीं कि इस हादसे ने पूरे परिवार को उम्र भर का गम दे दिया। होनहार बेटी की मौत की खबर सुनते ही गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा रहा है।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट