राजद और कांग्रेस ने देश में बिहार की जंगलराज के रूप में दी पहचान, एनडीए प्रत्याशी के लिए प्रचार करने पहुंचे सीएम योगी का आरोप, कहा – बिहार में फिर सुशासन की सरकार
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बिहार में जंगलराज के लिए कांग्रेस और राजद को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि इन दोनों पार्टियों के कारण दुनिया भर में बिहार की छवि खराब हुई है।
Supaul - सुपौल जिले के भीमपुर में रविवार को एनएच-27 के किनारे बने मैदान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिंह बबलू के पक्ष में सभा को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा छातापुर की पावन धरा, जो भक्त और शक्ति की धरती है, उसे मैं कोटि-कोटि नमन करता हूँ। मैं यहाँ उपस्थित सभी पूज्य संतों, बहनों और भाइयों का हृदय से स्वागत और अभिनंदन करता हूँ।
बहनों और भाइयों! मैं आज प्रातः ही प्रभु श्रीराम के चरणों में प्रणाम कर यहां पहुँचा हूँ। उन्होंने उपस्थित जनसमूह के उत्साह को देखकर कह मैं विश्वास के साथ कह सकता हूँ कि जब बिहार विधानसभा के मतदान परिणाम आएंगे, तो फिर एक बार सुशासन की सरकार का शंखनाद छातापुर के साथ-साथ पूरे बिहार में होने जा रहा है।
योगी ने बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा याद करिए—यह वही बिहार है जिसने महात्मा बुद्ध को ज्ञान प्रदान किया। यही धरा भारत को स्वर्ण युग देने वाली है। भगवान महावीर का जन्म यहीं हुआ था। देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे महामानव इसी पावन धरती पर जन्मे।
छठ गीतों के माध्यम से मैथिली–भोजपुरी संस्कृति को वैश्विक पहचान देने वाली शारदा सिन्हा भी इसी क्षेत्र की उपज हैं। आर्यभट्ट जैसा महान खगोलशास्त्री, चाणक्य और चंद्रगुप्त मौर्य की जोड़ी भी बिहार ने ही दी। फिर ऐसा क्या हुआ कि बिहार जंगलराज’ के नाम से जाना जाने लगा?
उन्होंने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा अगर इस पाप का दोषी कोई है तो केवल कांग्रेस और राजद हैं। नालंदा जैसा विश्वविद्यालय देने वाला बिहार इनके शासनकाल में साक्षरता में सबसे नीचे चला गया। जंगलराज, परिवारवाद और जातीय तनाव ने बिहार की पहचान संकट में डाल दी, नौजवानों को पलायन करने पर मजबूर कर दिया। गरीब भूखे मरते रहे और खजाने का पैसा लुटता रहा। जिन लोगों ने चारा तक खा लिया हो, वे आज विकास और रोजगार की बात कर रहे हैं!
योगी ने मोदी सरकार की योजनाएँ गिनाते हुए कहा
बीते 20 वर्षों में सुशासन की मजबूत नींव रखी गई है। आज बिहार में सड़क, बिजली, पानी, रेलवे कनेक्टिविटी, एयर कनेक्टिविटी, एनआईटी, एम्स, इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज की श्रृंखला है। गरीब कल्याणकारी योजनाएँ चल रही हैं। बिहार का नौजवान आज आईएएस – आईपीएल बन रहा है, मल्टीनेशनल कंपनियों में काम कर रहा है, स्टार्टअप और उद्यमी बन रहा है। अयोध्या और राम मंदिर पर बोलते हुए योगी ने कहा हमने कहा था मंदिर वहीं बनाएंगे, हमने लाठी और गोलियाँ खाईं लेकिन पीछे नहीं हटे। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया है। कांग्रेस और राजद इसे कभी नहीं कर पाते।
उन्होंने आगे बताया अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट महार्षि वाल्मीकि के नाम पर है। रेल बसेरा निषादराज के नाम पर है, प्रसाद केन्द्र माता शबरी के नाम पर है। अयोध्या से सीतामढ़ी को जोड़ने वाला राम–जानकी मार्ग 6155 करोड़ की लागत से बन रहा है।
अब बुलडोजर से डरते हैं अपराधी
योगी ने कानून–व्यवस्था पर यूपी मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा उत्तर प्रदेश में अपराधी बुलडोजर से डरते हैं। बेटी और व्यापारी सुरक्षित हैं। जो अपराध करेगा, उसका टिकट यमलोक तक पक्का है। राजद के शासनकाल पर हमला करते हुए बोले राजद के शासन में 30,000 से अधिक अपहरण की घटनाएँ हुईं, न इंजीनियर सुरक्षित था, न डॉक्टर, न बेटियाँ, न बच्चे। बिहार को जंगलराज में धकेला गया।
मोदी सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए योगी ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान में मुफ्त इलाज, 4 करोड़ गरीबों को आवास, 10 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन, हर घर नल से पानी की सुविधा प्रदान की गई है। भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था में पैसा सीधे गरीबों के खाते में जा रहा है।
अंत में उन्होंने अपील की छातापुर विधानसभा क्षेत्र में आपके सुपौल के सुपुत्र और भारतीय जनता पार्टी–एनडीए के प्रत्याशी श्री नीरज कुमार सिंह बबलू को भारी मतों से विजयी बनाकर भेजिए। बिहार को समृद्ध बनाना है तो मतदान कर सुशासन की सरकार को आगे बढ़ाइए।
रिपोर्ट – विनय कुमार मिश्र, सुपौल