सुपौल में पांच दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, डीएम ने बच्चों को दवा पिलाकर किया शुभारंभ
सुपौल जिले में रविवार से पांच दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। इस अभियान के दौरान 4,26,948 घरों तक पहुंचकर 4.93 लाख से अधिक बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है....
Supaul : जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार, 22 नवंबर 2026 को पांच दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई। जिलाधिकारी सावन कुमार ने बसंतपुर प्रखंड के रानीगंज, भगवानपुर स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-18 में बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 22 नवंबर से 26 नवंबर तक संचालित किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मी रहे मौजूद, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र पर हुआ उद्घाटन
शुभारंभ के अवसर पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. ममता कुमारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीएचएस) बाल कृष्ण चौधरी, डीएमईओ शशि भूषण प्रसाद, जेएसआई के डीसी नीरज कुमार सिंह, बसंतपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सीडीपीओ, बीएचएम, बीसीएम, बीएम एंड ई सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।
कोई भी बच्चा दवा से वंचित न रहे: डीएम ने अधिकारियों को दिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश
अभियान के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर दिलाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की दो बूंद दवा पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए और अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी व कर्मी पूरी तत्परता से काम करते हुए प्रत्येक लक्षित बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करें।
970 हाउस-टू-हाउस टीम समेत सैकड़ों स्वास्थ्यकर्मी और स्वयंसेवक किए गए तैनात
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान जिले के 4,26,948 घरों तक पहुंचकर कुल 4,93,875 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 970 हाउस-टू-हाउस टीम, 92 ट्रांजिट टीम, 18 मोबाइल टीम और 123 वन मैन टीम तैनात की गई हैं, जबकि निगरानी व संचालन के लिए 345 पर्यवेक्षक, 148 स्वास्थ्य संस्थान, 749 आईसीडीएस केंद्र, 949 आशा कार्यकर्ता तथा 685 स्वयंसेवकों को लगाया गया है।
अभिभावकों से सहयोग की अपील, बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने का संदेश
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। विभाग ने कहा है कि अभिभावक अभियान में सक्रिय सहयोग कर बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
विनय की रिपोर्ट