NH-27 पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क निर्माण कर्मी की मौत

Supaul : जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। धर्मपट्टी स्थित कोशी पेट्रोल पंप के समीप करीब 12 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची '112' की टीम ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।


किशनगंज का निवासी था मृतक

मृतक की पहचान किशनगंज जिले के बीबीगंज थाना क्षेत्र के बेरिया निवासी 25 वर्षीय मजनू कुमार मंडल के रूप में हुई है। मजनू एनएच-27 पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में पिचिंग मशीन पर उपचालक (हेल्पर) के पद पर तैनात था। वह पिछले फरवरी माह से ही यहां काम कर रहा था और वर्तमान में भपटियाही थाना क्षेत्र के पिपराखुर्द गांव में एक किराए के मकान में रह रहा था। घटना के वक्त वह अपने किसी निजी काम से बाइक पर सिमराही बाजार की ओर जा रहा था।


साथी चालक ने दी घटना की जानकारी

मृतक के साथ काम करने वाले पिचिंग मशीन के मुख्य चालक नीरज यादव ने बताया कि मजनू एक मेहनती युवक था। दोपहर में जब वह बाजार जा रहा था, तभी पीछे से आए वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की खबर राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचते ही मृतक के साथियों और अन्य कर्मियों की भीड़ जुट गई। मजनू की असमय मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर का माहौल बेहद गमगीन हो गया और सहकर्मियों की आंखें नम दिखीं।


पुलिस ने कब्जे में लिया शव

हादसे की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर और फिर अस्पताल पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।


फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस अब एनएच-27 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। थानाध्यक्ष ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और सड़क सुरक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर सतर्कता बरतने की अपील की गई है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट