सुपौल में आरटीआई कार्यकर्ता एवं जन सुराज नेता पर जानलेवा हमला: घर से उठाकर फरसा और लाठी से पीटा, हालत नाजुक
सुपौल के त्रिवेणीगंज में आरटीआई कार्यकर्ता पर देर रात जानलेवा हमला की खबर सामने आई है। घटना में गंभीर रुप से घायल गजेंद्र यादव को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है...
Supaul : जिला अंतर्गत नगर परिषद त्रिवेणीगंज क्षेत्र में आरटीआई (RTI) कार्यकर्ता एवं जन सुराज नेता गजेंद्र कुमार यादव पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बर्बर हमले में वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं और फिलहाल एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। घटना के बाद से पूरे त्रिवेणीगंज इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
बुधवार रात घर से जबरन उठाकर ले गए हमलावर, मृत समझकर छोड़ा
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब एक बजे लगभग 15 की संख्या में आए हथियारबंद हमलावरों ने गजेंद्र कुमार यादव को कथित तौर पर उनके घर से जबरन उठा लिया। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर उन पर फरसा और लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया गया। हमलावरों ने उन्हें मृत समझकर मौके पर ही छोड़ दिया और फरार हो गए।
नगर परिषद में कमीशनखोरी और चेयरमैन की नागरिकता पर उठाए थे सवाल
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गजेंद्र कुमार यादव नगर परिषद त्रिवेणीगंज में सड़क निर्माण योजनाओं में कथित कमीशनखोरी और घटिया निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे। उन्होंने योजनाओं में 23 प्रतिशत कमीशन लिए जाने का गंभीर आरोप लगाया था, साथ ही नगर परिषद की चेयरमैन की नागरिकता को लेकर भी सवाल खड़े किए थे। आशंका जताई जा रही है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध मुखर रहने के कारण ही उन्हें निशाना बनाया गया है।
उच्चस्तरीय जांच, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग
इस जानलेवा हमले के बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। प्रशासन से मांग की गई है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, हमले में शामिल सभी अज्ञात और नामजद आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी हो तथा घायल गजेंद्र कुमार यादव और उनके परिजनों को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
पुलिस जांच में जुटी, आवेदन मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
मामले को लेकर त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है, जिसमें गजेंद्र कुमार यादव जख्मी हुए हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और पीड़ित पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विनय की रिपोर्ट