सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 हथियार तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और नकदी बरामद
BIhar News : सुपौल पुलिस द्वारा जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खात्मा के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार के साथ 10 तस्करों को धर दबोचा है....
Supaul : जिले में अपराध पर लगाम कसने और अवैध हथियारों की तस्करी को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक व्यापक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करना है।
चार थाना क्षेत्रों में छापेमारी, 10 तस्कर दबोचे गए
पुलिस अधीक्षक शरथ आर एस ने रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। किशनपुर, सुपौल, पिपरा और राघोपुर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग तिथियों पर की गई कार्रवाई के दौरान कुल 10 हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए सभी आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-बख्त और तस्करी के सिंडिकेट में शामिल थे।
हथियार, वाहन और लाखों की नकदी जब्त
पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों के पास से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। बरामद सामानों में 5 पिस्टल, 2 देसी कट्टा, 5 अर्धनिर्मित पिस्टल, 10 मैगजीन, 7 जिंदा कारतूस और 1 खोखा शामिल है। इसके अलावा पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाले 5 मोटरसाइकिल, एक चार पहिया वाहन, 4 मोबाइल फोन और 2 लाख 8 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच शुरू पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि उनके पूरे आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरोह के 'बैकवर्ड और फॉरवर्ड' लिंक की गहराई से जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहाँ से लाए जा रहे थे और इनकी सप्लाई किन अपराधियों को की जानी थी। इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है।
अपराधियों में हड़कंप, आम जनता ने ली राहत की सांस
पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जिले के अपराधियों और भू-माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी। इस बड़ी सफलता के बाद स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है और पुलिस की इस मुस्तैदी की चारों ओर प्रशंसा हो रही है।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट