अररिया सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव : दी आर्थिक मदद, मुआवजे व नौकरी की मांग

अररिया में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सुपौल जिले के थुमहा गांव के कई लोगों की जान चली गई थी। रविवार को सांसद पप्पू यादव गांव जाकर शोकाकुल परिवारों को बंधाया ढांढ़स और उन्हें आर्थिक मदद की.....

सड़क हादसे के मृतकों के परिजनों से मिले सांसद पप्पू यादव- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : अररिया में हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सुपौल जिले के थुमहा गांव के युवकों के परिजनों से मिलने रविवार, 22 नवंबर 2026 की देर शाम पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव थुमहा पहुंचे। उन्होंने सभी मृतकों के घर जाकर शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की, उन्हें ढांढ़स बंधाया और अपनी ओर से तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। गौरतलब है कि बीते बुधवार को तिलक समारोह से लौटते समय अररिया में हुए सड़क हादसे में थुमहा गांव के पांच युवकों की मौत हो गई थी, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।


प्रशासन की तत्परता और जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी पर साधा निशाना

पीड़ित परिवारों से संवेदना व्यक्त करने के बाद सांसद पप्पू यादव ने प्रशासन और राज्य सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हादसे की रात यदि प्रशासन तत्परता दिखाता तो संभवतः युवकों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने सुपौल के मंत्री, सांसद और विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी बनती है कि वे पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर मदद करें, साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से शोक संवेदना व्यक्त न किए जाने पर भी सवाल खड़े किए।


20-20 लाख रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी और मृतकों की बेटियों की शादी का खर्च उठाने की घोषणा

सांसद पप्पू यादव ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रत्येक मृतक के आश्रित परिवार को 20-20 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, क्योंकि पीड़ितों को केवल आश्वासन नहीं बल्कि ठोस सहायता व सम्मानजनक पुनर्वास की जरूरत है। उन्होंने मृतक परिवारों को तत्काल आर्थिक मदद देने के साथ यह भी घोषणा की कि जिन मृतकों के घर में बेटियां हैं, उनकी शादी का पूरा खर्च वे स्वयं उठाएंगे।


प्रियंका गांधी के फोन आने का किया जिक्र, दुख की घड़ी में साथ खड़े रहने का भरोसा

पप्पू यादव ने बताया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने फोन कर उन्हें थुमहा पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलने को कहा था। उन्होंने कहा कि इस कठिन और दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ खड़े रहना उनकी नैतिक व सामाजिक जिम्मेदारी है।


बड़ी संख्या में समर्थक रहे मौजूद, गांव में शोक और संवेदना का माहौल

सांसद पप्पू यादव के थुमहा गांव पहुंचने के दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी मौजूद रहे। पूरे दौरे के दौरान मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने और सहायता का भरोसा दिलाने के बीच गांव में गमगीन माहौल बना रहा।


विनय की रिपोर्ट