पूरे बिहार में 24 नवंबर को मनेगा ‘नीतीश संवाद एवं सुशासन दिवस’, दीये जलाकर की गई तैयारी की शुरुआत

24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और इसी ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने जदयू पूरे प्रदेश में इस तिथि को ‘नीतीश संवाद एवं सुशासन दिवस के रुप मे मनाएगा....

दीये जलाकर ‘नीतीश संवाद एवं सुशासन दिवस’ तैयारी की शुरुआत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की ऐतिहासिक तिथि 24 नवंबर 2026 को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पूरे प्रदेश में ‘नीतीश संवाद एवं सुशासन दिवस’ के रूप में मनाएगा। सुपौल में सोमवार को कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर दीये जलाए गए, जबकि इस अवसर पर पार्टी की ओर से राज्य के सभी जिलों में विशेष आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से जदयू कार्यकर्ता आम लोगों के बीच जाकर पिछले 20 वर्षों में बिहार में हुए विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।


24 नवंबर 2005 के ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए संवाद अभियान, 2005 से पहले व बाद के बदलावों पर होगी चर्चा

पिपरा विधायक रामविलास कामत ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 नवंबर 2005 को नीतीश कुमार ने पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और इसी ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने तथा बिहार की विकास यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिलों, प्रखंडों व पंचायतों में लोगों के बीच संवाद करेंगे। इस दौरान वर्ष 2005 से पहले और उसके बाद बिहार में हुए बदलावों की चर्चा होगी और सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कानून-व्यवस्था तथा प्रशासनिक सुधार के क्षेत्र में किए गए कार्यों को जनता के सामने रखा जाएगा।


महिला सशक्तीकरण व बालिका शिक्षा पर रहेगा विशेष जोर, योजनाओं से आए बदलावों की दी जाएगी जानकारी

विधायक रामविलास कामत ने बताया कि कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण और बालिका शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों को प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों एवं नगर निकायों में महिलाओं को आरक्षण, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, पोशाक योजना तथा जीविका के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की पहल की जानकारी लोगों को दी जाएगी, साथ ही इन योजनाओं से समाज में आए बदलाव और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर भी चर्चा होगी।


नई पीढ़ी को विकास यात्रा से जोड़ने व जनसंवाद के जरिए सुझाव लेने की रणनीति

‘नीतीश संवाद एवं सुशासन दिवस’ के माध्यम से युवाओं और नई पीढ़ी को बिहार के राजनीतिक बदलाव एवं विकास यात्रा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिसके लिए स्थानीय स्तर पर बैठक, परिचर्चा और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यकर्ता आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं व सुझावों को भी सुनेंगे और जदयू के अनुसार यह आयोजन विकास, सुशासन व जनसेवा के संकल्प को दोहराने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का अवसर है।


गांव से शहर तक उत्साहपूर्वक होंगे कार्यक्रम, सुपौल में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी

विधायक रामविलास कामत ने कहा कि 24 नवंबर को पूरे बिहार में कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया जाएगा और गांव से लेकर शहर तक कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंचकर विकास कार्यों का विवरण रखेंगे। सुपौल में इस अवसर पर विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, जदयू जिलाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरेकान्त झा, जगदीश प्रसाद यादव, युगल किशोर अग्रवाल, अजय कुमार अजनबी, भूषण मंडल, योगेश कुमार कुशवाहा, ललिता जायसवाल और प्रियंका यादव सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


विनय की रिपोर्ट