Bihar Crime : सुपौल में पुलिस ने हथियार तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़, भारी मात्रा में असलहे किया बरामद, चार तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar Crime : सुपौल में पुलिस ने हथियार तस्करी गिरोह का खुलासा किया है. जहाँ पुलिस ने भारी मात्रा में असलहे बरामद किया है. पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

हथियार तस्कर गिरफ्तार - फोटो : SOCIAL MEDIA

SUPAUL : पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 4 पिस्टल, 9 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, 4 मोबाइल फोन और 2 लाख 8 हजार रुपये नकद बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि सुपौल थाना क्षेत्र में कुछ हथियार तस्कर अवैध हथियार की खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं। 

सूचना के सत्यापन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुपौल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक मकान में छापेमारी की। इस दौरान भागलपुर जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर (नवटोलियों) निवासी अरविंद यादव को 3 पिस्टल, 6 मैगजीन, 2 मोबाइल फोन और 2 लाख 8 हजार रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और उसके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुलिस ने पिपरा थाना क्षेत्र में भी छापेमारी की। वहां से 1 पिस्टल, 3 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस और 2 मोबाइल फोन के साथ तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में उपेंद्र मंडल (दिनापट्टी), मुकेश कुमार (जोलहनियों) और मनीष कुमार (कटैया) शामिल हैं। तीनों आरोपी पिपरा थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

इस मामले में सुपौल थाना और पिपरा थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बरामद हथियारों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार कहां से लाए गए थे और किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अरविंद यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ खगड़िया जिले के मुफस्सिल थाना में वर्ष 2023 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट