Bihar Road Accident: तेज रफ्तार का कहर, वन विभाग की बोलेरो घर में घुसी, लोहे का डिवाइडर तोड़ मचाई तबाही

Bihar Road Accident:तेज रफ्तार में आ रहा था। अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।...

तेज रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परसरमा में मंगलवार देर रात करीब 1 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। वन विभाग के नाम पर दर्ज एक बोलेरो गाड़ी (BR01 JP 5031) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे लोहे के डिवाइडर को तोड़ते हुए सीधे एक घर में जा घुसी और पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन वीरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था। अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिस वक्त यह घटना हुई, गृहस्वामी उपेंद्र यादव अपने परिवार के साथ गहरी नींद में सो रहे थे। जोरदार धमाके की आवाज से पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद जब परिवार बाहर निकला तो सामने का दृश्य बेहद खौफनाक था बोलेरो घर के भीतर पलटी हुई थी और मलबा बिखरा पड़ा था। वाहन में सवार पांच लोगों में से तीन किसी तरह बाहर निकल चुके थे, जबकि दो लोग अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

घायलों ने खुद को मधेपुरा वन विभाग का फॉरेस्ट रेंजर बताया और प्राथमिक उपचार लेने की बात कही है। सभी घायलों की हालत को लेकर फिलहाल आधिकारिक जानकारी स्पष्ट नहीं है, लेकिन हादसे में सभी के जख्मी होने की पुष्टि हुई है।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि घर के पिलर और दीवार को भी भारी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसा तेज रफ्तार और चालक के नियंत्रण खोने की वजह से हुआ।

वन विभाग की ओर से राघोपुर प्रभारी रवि रंजन ने स्पष्ट किया है कि जिस वाहन का उपयोग हुआ है, वह भले ही डिवीजन फॉरेस्ट के नाम पर रजिस्टर्ड हो, लेकिन यह उनका अधिकृत वाहन नहीं है, जिससे मामले में और भी सवाल खड़े हो गए हैं।थाना प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी घायल वहां से निकल चुके थे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल इस हादसे ने इलाके में सुरक्षा और सरकारी वाहनों के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र