Bihar News: सुपौल में आग का कहर, लाखों की संपत्ति जलकर हुई राख, 8 परिवारों पर टूटा आफत का पहाड़

Bihar News:देखते ही देखते आठ घर धू-धू कर जलने लगे और पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा। इस हादसे ने कई परिवारों को सड़क पर ला दिया है…

लाखों की जलकर राख - फोटो : VINAY

Supaul:  जिले के जदिया थाना क्षेत्र में  उस वक्त हड़कंप मच गया जब नन्दना पंचायत के वार्ड संख्या 2 में भीषण आग ने तांडव मचा दिया। आग इतनी खतरनाक थी कि देखते ही देखते आठ घर धू-धू कर जलने लगे और पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा। इस हादसे ने कई परिवारों को सड़क पर ला दिया है और गांव में मातम जैसा माहौल बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग अचानक भड़की और तेज हवा के कारण तेजी से फैलती चली गई। लोग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक लपटों ने एक-एक कर कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। अफरा-तफरी के बीच लोग अपने घरों से जान बचाकर भागे, लेकिन अपनी जिंदगी भर की जमा पूंजी नहीं बचा सके।

इस भीषण हादसे में गीता देवी, दुखनी देवी, शकली देवी, प्रमोद रजक, हरिनंदन रजक और रंजन देवी समेत आठ परिवारों के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घरों में रखे कपड़े, अनाज, जेवर, नगद पैसे, जमीन के जरूरी कागजात और यहां तक कि एक बाइक भी आग की भेंट चढ़ गई। शुरुआती आंकलन के मुताबिक करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

पीड़िता गीता देवी ने रोते हुए बताया कि उनके पति विनय रजक कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका इलाज बीकानेर में चल रहा है। इलाज के लिए बड़ी मुश्किल से जो पैसे जुटाए गए थे, वे भी इस आग में जलकर राख हो गए। अब परिवार के सामने इलाज और रोजमर्रा की जिंदगी चलाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

घटना की खबर मिलते ही प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खत्म हो चुका था।त्रिवेणीगंज की अंचलाधिकारी प्रियंका सिंह ने बताया कि सभी आठ प्रभावित परिवारों को तत्काल पॉलिथीन और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से मिलने वाली हर संभव सहायता पीड़ितों तक पहुंचाई जाएगी।इधर, अग्निपीड़ित परिवारों ने सरकार से जल्द मुआवजा और आर्थिक मदद देने की गुहार लगाई है, ताकि वे अपने जीवन को दोबारा पटरी पर ला सकें।

रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र