सुपौल: जन सुराज ने घोषित की जिले की नई टीम, अनिल कुमार सिंह बने जिलाध्यक्ष

Supaul : जिले के जन सुराज पार्टी कार्यालय में मंगलवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान जिला स्तर की नई टीम की घोषणा की गई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने जिले की सलाहकार समिति और जिला एकल पदाधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की। संगठन की मजबूती को ध्यान में रखते हुए अनिल कुमार सिंह को सुपौल का नया जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। घोषणा के साथ ही नवनियुक्त पदाधिकारियों को पुष्पमाला पहनाकर विधिवत पदभार ग्रहण कराया गया।


पार्टी द्वारा जारी नई सूची के अनुसार, संगठन में जातीय और क्षेत्रीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। बृजेश कुमार यादव को महामंत्री, मदन मोहन झा को कोषाध्यक्ष और अनुराधा कुमारी पासवान को महिला अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। वहीं, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नारायण यादव और रीति झा को मीडिया की अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसके अतिरिक्त जिला सलाहकार समिति में हरिनारायण पासवान, मो. दाउद, ई. धीरेन्द्र प्रसाद कुंवर, महेश प्रसाद सिंह और अशोक यादव जैसे अनुभवी चेहरों को शामिल किया गया है।


पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए अपने संकल्प दोहराए। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य जन सुराज पार्टी को जिले के प्रत्येक गांव और पंचायत स्तर तक सशक्त बनाना है। उन्होंने दावा किया कि आज के समय में जन सुराज ही प्रदेश में एक प्रभावी विपक्ष के रूप में उभर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नई टीम जनता की बुनियादी समस्याओं और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और उनके समाधान के लिए संघर्ष करेगी।


प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि ये सभी नियुक्तियां क्षेत्रीय कोर कमिटी की गहन अनुशंसा के आधार पर की गई हैं। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि वे अगले 15 दिनों के भीतर अपनी पूर्ण जिला कमेटी की सूची तैयार कर क्षेत्रीय कमिटी को सौंपें ताकि सांगठनिक कार्यों में तेजी लाई जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को धरातल पर उतारने का आह्वान किया।


गणेश वंदना से शुरू हुए इस कार्यक्रम में न केवल जिला बल्कि नवमनोनीत क्षेत्रीय पदाधिकारियों का भी सम्मान किया गया। नरेश नयन समेत कई अन्य पदाधिकारियों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर ओबीसी प्रदेश उपाध्यक्ष तपेश्वर भारती, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष नीलम सिंह और पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रदेव साह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एकजुट होकर आगामी चुनावों और संगठन विस्तार के लिए काम करने की शपथ ली।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट