Bihar Road Accident : वैशाली में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को मारी टक्कर, 7 वर्षीय मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों ने किया एनएच जाम

Bihar Road Accident : वैशाली में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच पर तेज रफ्तार एंबुलेंस ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार 7 वर्षीय मासूम आर्यन राज की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई....पढ़िए आगे

तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को रौंदा- फोटो : RISHABH

VAISHALI : वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र स्थित इमायतपुर गांव के पास हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच पर एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक पर सवार 7 वर्षीय मासूम आर्यन राज की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके मामा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ किया सड़क जाम

मासूम बच्चे की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्चे के शव को सड़क पर रखकर आगजनी की और हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया।

मुआवजे और चालक की गिरफ्तारी की मांग

प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित लोग मृत बच्चे के परिजनों को उचित सरकारी मुआवजा देने और फरार एंबुलेंस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग पर अड़े हुए हैं। परिजनों के चीत्कार से मौके पर माहौल बेहद गमगीन बना हुआ है।

एनएच पर लगा 5 किलोमीटर लंबा जाम

सड़क जाम का असर इतना व्यापक है कि हाजीपुर की तरफ जाने वाली लेन में वाहनों की करीब 5 किलोमीटर लंबी कतार लग गई है। पिछले लगभग तीन घंटे से यातायात पूरी तरह बाधित होने के कारण राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस समझाने में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही भगवानपुर थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराने का लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लोग अपनी मांगों पर डटे हुए हैं।

ऋषभ की रिपोर्ट