PM Modi Vaishali Visit: PM के स्वागत को उमड़ा जनसैलाब, मोदी के इंतजार में खचाखच भरा वैशाली का मैदान, महिलाओं से लेकर युवाओं तक में उत्साह
PM Modi Vaishali Visit: लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती वैशाली आज एक बड़े सियासी और विकासात्मक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। ...
PM Modi Vaishali Visit: लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती वैशाली आज एक बड़े सियासी और विकासात्मक आयोजन की गवाह बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री आज वैशाली की धरती से बिहार को करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। उनके स्वागत के लिए कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। आलम यह है कि प्रधानमंत्री के पहुंचने से पहले ही सभा स्थल लोगों की भीड़ से भर चुका है। हर तरफ उत्साह, उमंग और अपने प्रधानमंत्री की एक झलक पाने की बेकरारी दिखाई दे रही है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा से लेकर बैठने, आने-जाने और भीड़ प्रबंधन तक के लिए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने सभा स्थल पर डेढ़ लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की है। इसके बावजूद सुबह से ही बड़ी तादाद में लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। कोई बस से पहुंच रहा है तो कोई निजी गाड़ियों से अपने परिवार और परिचितों के साथ कार्यक्रम में शामिल होने आया है।
इस आयोजन की सबसे खास तस्वीर महिलाओं की भारी भागीदारी है। बड़ी संख्या में महिलाएं प्रशासन की ओर से बनाए गए पांच विशाल पंडालों में बैठकर प्रधानमंत्री का इंतजार कर रही हैं। उनके चेहरों पर उत्साह और कार्यक्रम को लेकर खास उमंग साफ दिखाई दे रही है। महिलाएं समूहों में पहुंच रही हैं और सभा स्थल पर अपने लिए निर्धारित स्थानों पर बैठ रही हैं। प्रधानमंत्री को सामने से देखने और उनका संबोधन सुनने की चाह ने सुबह से ही लोगों को कार्यक्रम स्थल तक खींच लिया है।
हालांकि प्रधानमंत्री का आगमन लगभग दोपहर दो बजे निर्धारित है, लेकिन उनके आने से कई घंटे पहले ही सभा स्थल पर लोगों की मौजूदगी ने आयोजन की भव्यता का एहसास करा दिया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है। गाड़ियों से आने वाले लोगों को निर्धारित जांच प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही कार्यक्रम परिसर में प्रवेश दिया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था पैदा न हो।
इस दौरे का एक बड़ा आकर्षण बहुप्रतीक्षित नीतीश सेतु भी है। प्रधानमंत्री सभा स्थल पहुंचने से पहले इस पुल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद रिमोट के माध्यम से विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। करीब 34 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं को बिहार के विकास से जोड़कर देखा जा रहा है। इन परियोजनाओं से सड़क, परिवहन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल वैशाली की धरती पर हर तरफ प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी और लोगों का जोश नजर आ रहा है। दोपहर के कार्यक्रम से पहले ही उमड़ी भीड़ ने आयोजन को खास बना दिया है। लोकतंत्र की इस ऐतिहासिक भूमि पर आज विकास की घोषणाओं के साथ जनभागीदारी का बड़ा नजारा देखने को मिल रहा है। अब सभी की निगाहें प्रधानमंत्री के आगमन और उनके संबोधन पर टिकी हैं।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार