Bihar News: छपरा में बनेगा बिहार का नया मरीन ड्राइव, गंगा-अंबिका पथ से बदलेगी तस्वीर, सीएम सम्राट ने की घोषणा

Bihar News: मुख्यमंत्री ने कहा कि छपरा में पटना के मरीन ड्राइव की तर्ज पर गंगा-अंबिका पथ का निर्माण कराया जाएगा, जिससे शहर की तस्वीर और यातायात व्यवस्था दोनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

छपरा में बनेगा बिहार का नया मरीन ड्राइव- फोटो : reporter

Bihar News: सम्राट चौधरी ने छपरा और पूरे सारण जिले के विकास को लेकर कई बड़ी और महत्वाकांक्षी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छपरा में पटना के मरीन ड्राइव की तर्ज पर गंगा-अंबिका पथ का निर्माण कराया जाएगा, जिससे शहर की तस्वीर और यातायात व्यवस्था दोनों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सरकार का दावा है कि यह परियोजना सिर्फ सड़क निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी नई रफ्तार मिलेगी। गंगा किनारे विकसित होने वाला यह पथ शहर को आधुनिक पहचान देने के साथ-साथ लोगों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बनेगा।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने नोएडा की तर्ज पर एक आधुनिक शहर बसाने की योजना का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नई आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी, जिसमें बाबा हरिहरनाथ के नाम पर विशेष टाउनशिप भी शामिल होगी। इस परियोजना के जरिए आधुनिक आधारभूत ढांचा, बेहतर सड़कें, आवासीय सुविधाएं और व्यापारिक केंद्र विकसित किए जाएंगे। सम्राट चौधरी ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्यभर में 211 नए डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा भी की। उनका कहना है कि इससे ग्रामीण और छोटे शहरों के छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें दूसरे राज्यों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी मुख्यमंत्री का रुख बेहद सख्त नजर आया। उन्होंने कहा कि अनुमंडल अस्पतालों के डॉक्टर सामान्य बीमारी में भी मरीजों को बड़े अस्पतालों के लिए रेफर कर देते हैं, जो बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अनावश्यक रूप से मरीजों को पटना रेफर करने वाले डॉक्टरों और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 15 अगस्त तक जिला और अनुमंडल अस्पतालों में बेहतर इलाज की सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि बिना गंभीर बीमारी के किसी मरीज को पटना रेफर किया गया तो संबंधित सिविल सर्जन के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई तय होगी।

सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के लागू होने से सारण और आसपास के क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी। एक ओर जहां आधुनिक सड़क और टाउनशिप परियोजनाएं शहरों की सूरत बदलेंगी, वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार आम लोगों को बड़ी राहत देगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार