nitish setu: नीतीश सेतु पर PM मोदी और CM नीतीश के पोस्टर फाड़ने के मामले में 3 गिरफ्तार, 11 नामजद समेत 150 अज्ञात पर FIR

nitish setu: नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बीडीओ के बयान पर 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

nitish setu:  बिहार के वैशाली जिले में नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के बयान पर रुस्तमपुर थाना में 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


राजद का झंडा लेकर नीतीश सेतु पर पहुंचे थे युवक


जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दर्जनों की संख्या में युवक और बच्चे हाथों में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का झंडा लेकर सेतु पर पहुंच गए। वहां उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और नेता तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी की। इसी दौरान कुछ युवकों ने सेतु पर लगाए गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान अपशब्दों का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।


वायरल वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान कर रही पुलिस


घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इलाके में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई। कुछ युवाओं ने वायरल वीडियो पर गाना लगाकर रील भी बनाई। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की। रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक के अनुसार, पोस्टर फाड़ने के मामले में राघोपुर के बीडीओ के बयान पर 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


थानाध्यक्ष ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। जिन लोगों की पहचान होगी, उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस की मौजूदगी में घटना कैसे हुई, उठे सवाल


पोस्टर फाड़ने की घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए कार्यक्रम स्थल से नीतीश सेतु तक जाने वाले रास्ते पर बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के तुरंत बाद दर्जनों युवक और बच्चे सेतु पर पहुंच गए और वहां लगे पोस्टर फाड़ने लगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य एनडीए नेताओं के पोस्टर फाड़े गए, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मी इसे रोक नहीं सके।


सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में भी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी दिखाई देने की बात कही जा रही है। इस वजह से सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की मांग


स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पोस्टर फाड़ने की घटना के साथ-साथ यह भी जांच होनी चाहिए कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद युवक सेतु तक कैसे पहुंच गए और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें रोकने में सफल क्यों नहीं हुए। लोगों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। फिलहाल रुस्तमपुर पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।