दो करोड़ की लूट की योजना विफल, कैश डिलीवरी कंपनी का कर्मी ही निकला मास्टरमाइंड; वाराणसी के अपराधी सहित 3 गिरफ्तार

वैशाली जिले में कैश वैन लूट की योजना विफल मामले मे बड़ा खुलासा हुआ है। दरअसल पूरे मामले का मास्टर माइंड कैश डिलीवरी कंपनी का कर्मचारी ही निकला है। पुलिस ने इस मामले में 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया है जिसमे एक वाराणसी का निवासी है...

कैश डिलीवरी कंपनी का कर्मी ही निकला मास्टरमाइंड- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले की पुलिस ने प्रिवेंटिंग पुलिसिंग के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो करोड़ रुपये की बड़ी लूट की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने न सिर्फ कैश वैन में रखे करोड़ों रुपये सुरक्षित बचाए, बल्कि इस खतरनाक योजना में शामिल तीन शातिर अपराधियों को भी धर-दबोचा। पकड़े गए अपराधियों के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।


व्हाट्सएप से लीक हो रही थी लोकेशन 

इस पूरी साजिश का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि लूट की इस बड़ी प्लानिंग का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि सीएमएस (CMS) कैश डिलीवरी कंपनी का ही एक कर्मी निकला। प्रभात नाम का यह कर्मचारी अपराधियों के साथ मिला हुआ था और लगातार व्हाट्सएप के जरिए अपराधियों को कैश वैन की पल-पल की लोकेशन दे रहा था। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस कलयुगी कर्मचारी को भी गिरफ्तार कर लिया है।


पहले भी की थी लूटने की कोशिश 

वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ये अपराधी पिछले एक सप्ताह से कैश वैन को लूटने की फिराक में थे। अपराधियों ने इससे पहले 23 जून को भी कैश वैन लूटने का प्रयास किया था, लेकिन उस दौरान पुलिस की मुस्तैद चेकिंग के कारण वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके थे।


ड्राइवर और गार्ड की बहादुरी ने पलटा पासा 

घटनाक्रम के मुताबिक, 25 जून की शाम जब कैश वैन महुआ से हाजीपुर लौट रही थी, तभी सराय थाना क्षेत्र के रानीपोखर के पास एक कार में सवार अपराधियों ने उसे ओवरटेक कर लूटने का प्रयास किया। संकट की इस घड़ी में वैन के ड्राइवर और गार्ड ने गजब की बहादुरी दिखाई। उन्होंने सूझबूझ से काम लेते हुए वैन की रफ्तार बढ़ाई और उसे एक भीड़भाड़ वाले इलाके में ले जाकर शोर मचाना शुरू कर दिया।


जनता और पुलिस के सहयोग से हुआ खुलासा 

शोर सुनकर स्थानीय लोग और मौके पर मौजूद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। लोगों की मदद से पुलिस ने मौके पर ही एक अपराधी को दबोच लिया। पकड़े गए अपराधी से कड़ाई से पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का भंडाफोड़ हो गया, जिसके बाद पुलिस ने एक-एक कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने बताया कि गिरोह में शामिल एक अन्य अपराधी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

रिषभ की रिपोर्ट