वैशाली में पीएम के दौरे को लेकर तैयारियां तेज: सीएम सम्राट चौधरी ने किया जाफराबाद कार्यक्रम स्थल और नीतीश सेतु का निरीक्षण

हाजीपुर में 21 नवंबर को होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरो पर है। बुधवार को खुद सीएम सम्राट चौधरी कार्यक्रम स्थल पहुंचे। जहां उन्होंने मंच, पंडाल, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया....

सीएम सम्राट चौधरी ने किया जाफराबाद कार्यक्रम स्थल और नीतीश सेतु का निरीक्षण- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : हाजीपुर में आगामी 21 नवंबर को देश के प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और सरकारी स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजापाकर प्रखंड के जाफराबाद स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और वहां चल रही तैयारियों का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


मंच, पंडाल, सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था का मुख्यमंत्री ने बारीकी से लिया जायजा

जाफराबाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य मंच, विशाल पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, आम लोगों के बैठने की व्यवस्था तथा आने-जाने के मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यक्रम के आयोजन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए और सुरक्षा के साथ-साथ आम जनता की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जाए।


सीएम ने नीतीश सेतु का भी किया निरीक्षण, यातायात और सुरक्षा इंतजामों की ली जानकारी

कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने के साथ ही मुख्यमंत्री ने गंगा नदी पर नवनिर्मित 'नीतीश सेतु' का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद पदाधिकारियों से सेतु पर यातायात के सुचारू संचालन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को लेकर विस्तृत जानकारी ली और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने को कहा।


अलर्ट मोड पर जिला प्रशासन, साफ-सफाई से लेकर चिकित्सा व्यवस्था तक तैयारियां जोरों पर

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरा जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में काम कर रहा है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं।


रिषभ की रिपोर्ट