वैशाली में रफ्तार का कहर: लालगंज में खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, एक की मौत और चार गंभीर रूप से घायल
वैशाली जिले में रफ्तार के कहर ने एक व्यक्ति की जान ले ली. वहीं चार लोग गंभीर रुप से घायल हुए है जिनका अस्पताल मे इलाज चल रहा है.....
Vaishali : जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार का एक भीषण कहर देखने को मिला है. टोटहां के समीप सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक में तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत होने की दुखद सूचना सामने आ रही है.
जलालपुर पंचायत के रहने वाले बताए जा रहे हैं कार सवार सभी लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुई कार में सवार सभी लोग जलालपुर पंचायत के निवासी हैं. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंसकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इस अप्रत्याशित घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़ पड़े.
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहुंचाया गया लालगंज रेफरल अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लालगंज थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय मदद से सभी गंभीर रूप से घायलों को तुरंत एंबुलेंस और अन्य वाहनों के जरिए लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है.
एक व्यक्ति की मौत से इलाके में पसरा मातम, पुलिस जांच में जुटी
इस भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिवार और पूरे इलाके में मातम पसर गया है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और हादसे के असल कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी छानबीन और जांच शुरू कर दी है.
रिषभ की रिपोर्ट