वैशाली पहुंचे नीतीश कुमार ने 'नीतीश सेतु' के नामकरण से जुड़े सवाल पर जोड़े हाथ, बिना कोई प्रतिक्रिया दिए हुए रवाना
वैशाली में बिदुपुर सिक्सलेन पुल का नीतीश सेतु नाम को लेकर मचे बवाल पर मीडिया के सवाल पर पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से इंकार किया है। उन्होंने मीडिया के इस सवाल पर सिर्फ हाथ जोड़कर चलते बने.....
Vaishali : पूर्व मुख्यमंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार बुधवार को जिले के राजापाकर प्रखंड अंतर्गत बनघारा गांव पहुंचे। जहां उन्होंने संतोष कुमार कुशवाहा के पिता के श्राद्ध कर्म में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने दिवंगत आत्मा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा और राजापाकर विधायक महेंद्र राम सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
गंगा नदी पर बने सिक्सलेन पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने के सवाल पर साधी चुप्पी
कार्यक्रम से बाहर निकलते समय जब मीडियाकर्मियों ने पूर्व मुख्यमंत्री से गंगा नदी पर निर्मित नए सिक्सलेन महासेतु का नाम उनके नाम पर 'नीतीश सेतु' रखे जाने को लेकर उनकी प्रतिक्रिया जाननी चाही, तो उन्होंने कोई शब्द नहीं कहा। इस सवाल को सुनते ही नीतीश कुमार कुछ क्षण के लिए रुके, मुस्कुराते हुए हाथ जोड़कर पत्रकारों का अभिवादन किया और बिना कुछ बोले अपनी गाड़ी की ओर बढ़कर रवाना हो गए। उनके साथ चल रहे पार्टी के अन्य नेताओं ने भी इस मुद्दे पर पूरी तरह चुप्पी साधे रखी, जो मौके पर मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित है इस भव्य महासेतु का उद्घाटन
गौरतलब है कि राजधानी पटना के कच्ची दरगाह से वैशाली जिले के बिदुपुर तक गंगा नदी पर बनाए गए इस छह लेन के भव्य महासेतु का नाम नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखा गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का औपचारिक उद्घाटन आगामी 21 नवंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है, जिसे लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं।
4,988 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पुल से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आसान होगा आवागमन
लगभग 4,988 करोड़ रुपये की भारी लागत से बनकर तैयार हुई इस पूरी सड़क और पुल परियोजना की कुल लंबाई करीब 19.76 किलोमीटर है, जिसमें अकेले गंगा नदी पर बने मुख्य पुल की लंबाई लगभग 9.76 किलोमीटर और चौड़ाई 32 मीटर है। इस छह लेन महासेतु के चालू हो जाने से पटना और वैशाली के बीच यातायात बेहद सुगम हो जाएगा, उत्तर तथा दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क को नई मजबूती मिलेगी और ऐतिहासिक महात्मा गांधी सेतु पर लगने वाले वाहनों के भारी दबाव से भी बड़ी राहत मिलेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट, सुरक्षा के किए गए थे कड़े इंतजाम
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वैशाली आगमन और बनघारा गांव के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। कार्यक्रम स्थल से लेकर आसपास के पूरे इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि आवागमन और व्यवस्था में किसी प्रकार की कोई चूक न हो।
रिषभ की रिपोर्ट