2 लाख के इनामी प्रिंस कुमार का हाजीपुर में एनकाउंटर, पुलिसकर्मी की हत्या का था आरोपी! बुझा 'जुर्म का सितारा'
वैशाली में एसटीएफ का बड़ा एक्शन! 2 लाख का इनामी और मटन पार्टी देकर फरार होने वाला कुख्यात प्रिंस कुमार मुठभेड़ में ढेर। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में मारा गया अपराधी।
Vaishali -बिहार पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत हनुमान नगर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना कुख्यात अपराधी प्रेंस उर्फ अभिजीत पुलिस मुठभेड़ में मारा गया है। बिहार एसटीएफ और वैशाली पुलिस की डीआईयू टीम को सूचना मिली थी कि प्रिंस एक घर में छिपा हुआ है। घेराबंदी के दौरान अपराधी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह ढेर हो गया।
मटन पार्टी देकर पुलिस को दिया था चकमा
प्रिंस कुमार का अपराध जगत में बड़ा नाम था और वह पिछले साल PMCH (पटना) से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। बताया जाता है कि उसने पुलिसकर्मियों को मटन पार्टी के झांसे में उलझाया और उन्हें एक कमरे में बंद कर अपने साथियों के साथ भाग निकला था। इसके बाद से ही बिहार एसटीएफ की कई टीमें नेपाल और अन्य राज्यों में उसकी तलाश कर रही थीं। वैशाली पुलिस ने हाल ही में उसके घर पर इश्तिहार भी चिपकाया था, लेकिन उसने आत्मसमर्पण नहीं किया।
2 लाख का था इनाम, पुलिसकर्मी की हत्या का भी आरोप
मारे गए अपराधी प्रिंस पर बिहार सरकार ने 2 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह पुलिसकर्मी की हत्या सहित कई संगीन मामलों में वांछित था। घटनास्थल से पुलिस ने हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान प्रिंस का एक सहयोगी भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया है। उसके पास से भी अवैध हथियार बरामद हुए हैं।
अधिकारियों का बयान और आगे की कार्रवाई
मुठभेड़ के बाद डीएसपी (निगरानी) पवन कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों के अनुसार, अपराधी की ओर से कई राउंड फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। घायल प्रिंस को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल एफएसएल की टीम मौके पर साक्ष्य जुटा रही है और एनएचआरसी (NHRC) की गाइडलाइंस के अनुसार आगे की विधिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
Report - Rishav kumar