Bihar Gold Silver Rate: सोना-चांदी के भाव में भारी गिरावट, चांदी में 26,000 की गिरावट, सोना 13,000 सस्ता, जानिए आज का बिहार में भाव

Bihar Gold Silver Rate:सोने और चांदी की कीमतों में लगभग 9 प्रतिशत तक की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई, जिससे दोनों कीमती धातुएं अपने निचले ‘सर्किट’ स्तर पर पहुंच गईं।

सोना-चांदी के भाव में भारी गिरावट- फोटो : social Media

Bihar Gold Silver Rate: केंद्रीय बजट 2026-27 के पेश होने से कुछ घंटे पहले ही कमोडिटी बाजार में भारी हलचल देखने को मिली। रविवार को वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में लगभग 9 प्रतिशत तक की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई, जिससे दोनों कीमती धातुएं अपने निचले ‘सर्किट’ स्तर पर पहुंच गईं।

एमसीएक्स पर सोने का अप्रैल डिलीवरी वायदा शुरुआती कारोबार में 13,711 रुपये या 9 प्रतिशत टूटकर 1,38,634 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी का मार्च डिलीवरी वायदा 26,273 रुपये या लगभग 9 प्रतिशत गिरकर 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करने लगा। पिछले सत्र में सोना 1,52,345 रुपये और चांदी 2,91,925 रुपये पर बंद हुए थे। निवेशकों ने हाल ही में आई रिकॉर्ड तोड़ तेजी के बाद मुनाफावसूली जारी रखी, जिससे यह गिरावट हुई।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कीमतों में दबाव देखा गया। शुक्रवार को सोने का भाव 4,713.90 डॉलर प्रति औंस और चांदी का 75 डॉलर प्रति औंस तक गिर गया था। वैश्विक बाजारों में मंदी और निवेशकों की बिकवाली ने घरेलू वायदा बाजार को प्रभावित किया।

विशेषज्ञों का कहना है कि बजट जैसे बड़े आर्थिक कार्यक्रम से पहले निवेशक जोखिम कम करने के लिए मुनाफावसूली करते हैं। रविवार होने के बावजूद एमसीएक्स पर ट्रेडिंग खुली रही, ताकि निवेशक बाजार की दिशा का अनुमान लगा सकें।

सोने और चांदी की यह गिरावट निवेशकों के लिए चेतावनी भी है कि बजट के ऐलान से पहले बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगी, जो निवेशकों के रुख और कमोडिटी भावों पर नई लहर ला सकता है।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि बजट के बाद नीतिगत घोषणाओं और कर व्यवस्था में संभावित बदलाव से सोना-चांदी की कीमतों में फिर से तेजी या स्थिरता देखने को मिल सकती है। फिलहाल रविवार को एमसीएक्स पर वायदा कारोबार ने निवेशकों की सतर्कता और मुनाफावसूली की कहानी बयां की।