NEET UG 2026 में हो गया बड़ा बदलाव, अब हर गतिविधि कैमरे में होगी कैद, शहर चयन पर लगी रोक

NEET UG 2026: नीट यूजी 2026 की अर्जी की खिड़की खुल चुकी है। मेडिकल की इस हाई-प्रोफाइल एंट्री के लिए आठ मार्च की रात नौ बजे तक का वक्त है।...

NEET UG 2026 में हो गया बड़ा बदलाव- फोटो : social Media

NEET UG 2026: नीट यूजी 2026 की अर्जी की खिड़की खुल चुकी है। मेडिकल की इस ‘हाई-प्रोफाइल एंट्री’ के लिए आठ मार्च की रात नौ बजे तक का वक्त है। लेकिन इस बार मामला पहले जैसा ढीला-ढाला नहीं है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने फर्जीवाड़े के पुराने अपराधियों पर शिकंजा कस दिया है। सिस्टम अब सीधा, सख़्त और निगरानी में है ज़रा सी चूक, और फॉर्म सीधा रिजेक्ट की फाइल में।

इस बार परीक्षा केंद्र चुनने की आज़ादी पर भी ताला जड़ दिया गया है। अब कोई भी उम्मीदवार मनपसंद शहर नहीं चुन पाएगा। सेंटर उसी शहर में मिलेगा, जो स्थायी या वर्तमान पते में दर्ज है। मतलब साफ़ है अब ‘पेपर माफिया’ के लिए शहर बदलकर खेल रचने का रास्ता बंद। हर अभ्यर्थी अपने ही इलाके की हद में रहेगा।

सबसे बड़ा बदलाव फोटो के मोर्चे पर हुआ है। फॉर्म भरते वक्त अब पुरानी फोटो चिपकाने का खेल खत्म। उम्मीदवार को लाइव फोटो क्लिक करनी होगी या तो कंप्यूटर के वेबकैम से या फिर क्यूआर कोड स्कैन कर मोबाइल कैमरे से। यह फोटो सीधे आधार कार्ड के फोटो से मैच की जाएगी। टोपी, चश्मा या रंगीन चश्मा पहना तो समझो मामला रफादफा—फॉर्म सीधा खारिज हो सकता है।

नीट यूजी 2026 की परीक्षा तीन मई को होगी। दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक, पूरे 180 मिनट का यह इम्तिहान देशभर में 13 भाषाओं में आयोजित किया जाएगा। इसी एक परीक्षा के जरिए सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस समेत अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिला मिलेगा।

पंजीकरण के दौरान उम्मीदवारों को निजी जानकारी, शैक्षणिक विवरण, फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी प्रमाण पत्र अपलोड करने होंगे। इसके साथ ही बाएं-दाएं हाथ की उंगलियों और अंगूठे के निशान की स्कैन कॉपी भी मांगी गई है। यानी पहचान की पूरी कुंडली सिस्टम के पास होगी।

फीस के मोर्चे पर भी साफ़ कट है सामान्य वर्ग के लिए 1,700 रुपये, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी के लिए 1,600 रुपये, जबकि एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी, पीडब्ल्यूडी और मंगलामुखी वर्ग के लिए 1,000 रुपये तय किए गए हैं।

कुल मिलाकर, नीट यूजी 2026 अब सिर्फ परीक्षा नहीं, बल्कि एक कड़ी तलाशी है जहां हर चाल, हर चेहरा और हर दस्तावेज़ सिस्टम की नज़र में है। इस बार बचकर निकलना आसान नहीं।