वैशाली में दरिंदगी के बाद न्याय के लिए भटक रही गर्भवती नाबालिग, सहेली ने ही रची थी साजिश
Vaishali : जिले के लालगंज थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की दुष्कर्म के बाद गर्भवती हो गई है और अब न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। घटना के महीनों बीत जाने और थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद, पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार करने में विफल रही है। इसके परिणामस्वरूप, पीड़िता और उसका परिवार खौफ के साये में जीने को मजबूर है।
घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब पड़ोस की ही एक सहेली ने अकेलेपन का बहाना बनाकर पीड़िता को अपने घर सोने के लिए बुलाया। नाबालिग के मना करने पर, सहेली ने उसके परिजनों को झांसे में लिया और सुरक्षा का हवाला देकर उसे अपने साथ ले गई। आरोप है कि सहेली के घर पहुंचते ही वहां पहले से मौजूद दो लड़कों को बुला लिया गया। इसके बाद साजिश के तहत नाबालिग को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया गया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।
पीड़िता ने बताया कि अगली सुबह जब उसकी आंख खुली, तब उसे अपने साथ हुई दरिंदगी का आभास हुआ। इसके बाद आरोपियों और उसकी सहेली ने मिलकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसका वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई, जिसके डर से वह लंबे समय तक खामोश रही। हाल ही में जब पीड़िता के शरीर में बदलाव दिखने लगे, तब उसकी माँ उसे लेकर सदर अस्पताल पहुँची, जहाँ जाँच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
अस्पताल में सच्चाई सामने आने के बाद परिजनों ने सामाजिक स्तर पर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन वहां से निराशा हाथ लगने के बाद लालगंज थाने में दोनों मुख्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पीड़िता का आरोप है कि मामला दर्ज होने के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़िता का परिवार लगातार न्याय की आस में भटक रहा है।
इधर, नाबालिग पीड़िता के गर्भवती होने और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश पनप रहा है। डरी-सहमी पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस प्रशासन की इस सुस्ती ने महिला सुरक्षा के दावों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि वैशाली पुलिस इस संवेदनशील मामले में कब तक आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज पाती है।
रिषभ कुमार की रिपोर्ट