मुजफ्फरपुर में जमीनी विवाद में गैंगवार! कार सवार युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पीड़ित का बड़ा आरोप
कार से जा रहे एक युवक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना में मीनापुर थाना क्षेत्र के नेउरा गांव निवासी मोहम्मद नियाज गंभीर रूप से घायल हो गए।
Bihar News : मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां में बुधवार की देर रात आपसी जमीनी विवाद गैंगवार में बदलता दिखा, जब कार से जा रहे एक युवक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी की इस घटना में मीनापुर थाना क्षेत्र के नेउरा गांव निवासी मोहम्मद नियाज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां घायल का गंभीर स्थिति हो इलाज चल रहा है।
घायल मोहम्मद नियाज ने बताया कि वह ट्रैवल एजेंसी और गाड़ियों को भाड़े पर चलाने का व्यवसाय करते हैं। बुधवार को वह अपने गांव मीनापुर थाना क्षेत्र के नेउरा से मुजफ्फरपुर स्थित सतपुरा नीम चौक के पास स्थित डेरा पर अपनी कार से जा रहे थे। इसी बीच अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां में स्थित दो पेट्रोल पंपों के बीच सामने से एक बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने पहले उनकी कार को रोक गाली-गलौज की और फिर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमले में वह घायल हो गए, जबकि एक गोली उनकी कार में भी लगी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गया।
घायल ने बताया कि अचानक हुए इस हमले के कारण वह अपराधियों की पहचान नहीं कर सके। हालांकि उन्होंने इस हमले के पीछे अपने पट्टीदारों के साथ चल रहे पुराने जमीनी विवाद को वजह बताया है।इसी विवाद को लेकर दिन में दोनों पक्षों के बीच मारपीट भी हुई थी। उनका आरोप है कि उसी रंजिश में पट्टीदारों के द्वारा सुनियोजित तरीके से उन पर जानलेवा हमला कराया गया।
इधर, घटना की सूचना पर पहुंचे अहियापुर अपर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि गोली लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल का बयान दर्ज किया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में जमीनी विवाद को घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है.
मणिभूषण की रिपोर्ट