नालंदा में प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या, होली की शाम से था गायब, तालाब से बरामद हुआ शव

परिजनों ने बताया कि मनु कुमार बीते चार मार्च, होली के दिन से ही घर से गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया था। शनिवार को ग्रामीणों ने महादेव खंधा के तालाब में एक शव देखा

Murder in love affair in Nalanda- फोटो : news4nation

Bihar News : नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के पांकी गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की हत्या कर दिए जाने का मामला सामने आया है। युवक होली के दिन से ही लापता था और शनिवार को उसका शव गांव के महादेव खंधा स्थित तालाब से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान पांकी गांव निवासी स्वर्गीय उपेन्द्र राम के 25 वर्षीय पुत्र मनु कुमार के रूप में की गई है। 


परिजनों ने बताया कि मनु कुमार बीते चार मार्च, होली के दिन से ही घर से गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया था। शनिवार को ग्रामीणों ने महादेव खंधा के तालाब में एक शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सिलाव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया।


शव की पहचान मनु कुमार के रूप में होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे परिजन पीट पीट कर हत्या की आशंका जता रहे हैं।


मनु कुमार दो बच्चों का पिता था। करीब एक महीने पहले उसकी पत्नी दिल्ली चली गई थी। इस दौरान गांव की ही एक युवती के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी।  होली के दिन चार मार्च को कुछ लोगों ने मनु कुमार को उसकी प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच काफी विवाद हुआ था। इस मामले को लेकर स्थानीय थाना में आवेदन भी दिया गया था। 


परिवार के लोगों का कहना है कि जिस युवती के साथ मनु कुमार का प्रेम संबंध था, वह रिश्ते में उसकी चचेरी बहन लगती है। इसी वजह से गांव और परिवार में पहले से ही तनाव की स्थिति बनी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के कारण मनु कुमार की हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया गया।


राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।  अवैध संबंध में हत्या की बात का पता चल रहा है ।

राज की रिपोर्ट