पटना में बड़ा हादसा: श्मशान घाट जा रही बस अनियंत्रित होकर पलटी, 4 लोग गंभीर रूप से घायल

Bihar News : राजधानी पटना के फतुहा नदी थाना क्षेत्र में एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जहां शवयात्रा में शामिल होने करीब 40 ग्रामीणों को लेकर श्मशान घाट जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे मे कई लोग घायल हुए है....

पटना में बड़ा हादसा: श्मशान घाट जा रही बस अनियंत्रित होकर पल
शवयात्रा में 40 ग्रामीणों को लेकर श्मशान घाट जा रही बस पलटी- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना के ग्रामीण इलाके से इस वक्त एक बेहद दुखद और बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक बुजुर्ग महिला की अंतिम विदाई का माहौल उस समय एक बड़े सड़क हादसे में तब्दील हो गया, जब शवयात्रा में शामिल लोगों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। यह दर्दनाक हादसा पटना जिले के फतुहा नदी थाना क्षेत्र के कृपालटोला के पास रविवार शाम करीब 8 बजे के आसपास हुआ। हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मसौढ़ी थाना क्षेत्र के केवाली गांव की रहने वाली एक वृद्ध महिला फूला देवी (पति कपिल मांझी) का देहांत हो गया था। रविवार की शाम परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण एक निजी बस में सवार होकर मृतका के अंतिम संस्कार के लिए फतुहा नदी थाना क्षेत्र के सम्मसपुर श्मशान घाट की ओर जा रहे थे। अपनों को खोने के गम में डूबे लोग अभी रास्ते में ही थे कि अचानक कृपालटोला के समीप चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया।


बस पलटते ही मची चीख-पुकार, 40 लोग थे सवार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस की रफ्तार संतुलित नहीं थी और अनियंत्रित होते ही वह पलट गई। बस के पलटते ही भीतर सवार लोगों के बीच जोरदार चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे के वक्त बस में लगभग 40 लोग सवार थे, जो मृतका को अंतिम विदाई देने श्मशान घाट जा रहे थे। देर शाम हुए इस हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े।


स्थानीय लोगो ने बस में फंसे लोगों को निकाला बाहर

स्थानीय नागरिकों ने बिना समय गंवाए तत्परता दिखाई और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। इस भीषण पलटी में करीब 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस और निजी वाहनों के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।


मौके पर पहुंची नदी थाना पुलिसजांच में जुटी

हादसे की भयावहता और मौके पर जुटी भारी भीड़ की सूचना मिलते ही फतुहा नदी थाना की पुलिस टीम दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और क्रेन की मदद से सड़क किनारे पलटी बस को सीधा कराने की कवायद शुरू की ताकि यातायात प्रभावित न हो। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।


इस घटना ने मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है, जो पहले से ही बुजुर्ग महिला की मौत के शोक में डूबे थे और अब इस सड़क हादसे ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। फिलहाल, नदी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि हादसा बस में आई किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या फिर चालक की लापरवाही की वजह से यह घटना घटी।


रजनीश की रिपोर्ट