भोजपुर में मामा के घर जाने के लिए निकले युवक की गोली मारकर हत्या, इस हाल मे मिली लाश

Bihar Crime : बिहार में अपराधियों के खिलाफ एक्शन के लिए पुलिस को पूरी छूट दी गई है। पुलिस भी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, लेकिन आपराधिक घटनाएं कम नही हो रही। आरा में एक युवक की अपराधियों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी है..

आरा में युवक की गोली मारकर हत्या- फोटो : आशीष

Arrah : बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में एक युवक की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई है। मृतक की पहचान चौरी थाना क्षेत्र के अखौरा गांव निवासी वीरेंद्र सिंह के पुत्र अभिमन्यु सिंह के रूप में हुई है। युवक का शव गांव के समीप ही एक बोरिंग के नजदीक से बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि युवक अपने मामा के घर जाने के लिए निकला था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है और परिजनों में कोहराम मच गया है।


चार बहनों का इकलौता भाई था अभिमन्यु 

मृतक अभिमन्यु अपने परिवार का लाडला और चार बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी हत्या की खबर मिलते ही माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, अभिमन्यु की शादी वर्ष 2023 में नारायणपुर थाना अंतर्गत सुशीला देवी के साथ हुई थी। वह अपने पीछे 2 साल की बेटी आर्या और मात्र 9 महीने के मासूम बेटे अभिराज को छोड़ गया है। मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद गांव के हर व्यक्ति की आंखें नम हैं।


एफएसएल की जांच शुरू 

घटना की सूचना मिलते ही चौरी और नारायणपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जिस स्थान पर शव मिला, वहां खून के धब्बे और संघर्ष के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता और साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को बुलाया है। वैज्ञानिक जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या कितने बजे हुई और घटनास्थल पर कितने लोग मौजूद थे। पुलिस हर संदिग्ध बिंदु पर गहराई से छानबीन कर रही है।


पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव 

पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक को कितनी गोलियां मारी गई हैं। हालांकि, प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश या किसी सोची-समझी साजिश का लग रहा है। पुलिस मृतक के ससुराल पक्ष और अन्य परिचितों से भी पूछताछ कर रही है।


थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। 


आशीष की रिपोर्ट