पश्चिम बंगाल में अवैध हथियारों की तस्करी का आरोपी पटना के अथमलगोला से गिरफ्तार, पटना पुलिस और STF ने दबोचा
बिहार एसटीएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने पटना पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल में अवैध हथियार के तस्करी के आरोपी को अथमगोला से धर दबोचा है.....
Patna : बिहार विशेष कार्य बल (STF) और पटना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के आसनसोल में अवैध हथियारों के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी पवन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
मूल रूप से जमुई जिले के सिकंदरा का रहने वाला पवन कुमार सिंह पटना के अथमलगोला इलाके में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
कोक ओवन थाने में दर्ज था आर्म्स एक्ट का मामला
एसटीएफ के अनुसार, आरोपी पवन कुमार सिंह पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित कोक ओवन थाना में दर्ज कांड संख्या 159/2026 में मुख्य वांछित अपराधी था। उसके खिलाफ 25 सितंबर 2026 को आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। जैसे ही उसे पुलिस केस की भनक लगी, वह बंगाल से फरार होकर बिहार आ गया और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था।
तकनीकी निगरानी के आधार पर एसटीएफ ने की घेराबंदी
पश्चिम बंगाल पुलिस से मिले इनपुट और तकनीकी सर्विलांस (Technical Surveillance) के आधार पर बिहार एसटीएफ सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने अथमलगोला में सटीक घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ ले गई है, जहाँ उससे अवैध हथियारों के नेटवर्क और तस्करी के संबंध में आगे की पूछताछ की जा रही है।
अनिल की रिपोर्ट