पटना के इस इलाके में चल रहा था अवैध मिनी गन फैक्ट्री, पुलिस ने छापेमारी कर हथियार बनाते चार को दबोचा

Bihar Crime : बिहार एसटीएफ की सूचना पर पटना की बख्तियारपुर थाना पुलिस ने मिली गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से चार को गिरफ्तार किया है। वहीं भारी मात्रा में अर्द्ध निर्मित हथियार और औजार बरामद किया है....

पटना में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा- फोटो : रवि शंकर

Patna : जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कल दिनांक 29.05.2026 को एसटीएफ (STF) को एक गुप्त सूचना मिली थी कि आकाश होटल के दक्षिण, करीब 3 किलोमीटर दूर टेका बिगहा टाल क्षेत्र में धोवा नदी के किनारे झाड़ियों में कुछ लोग अवैध रूप से हथियार बनाने और बेचने का काला धंधा कर रहे हैं। इस सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशानुसार तुरंत एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी की।


मौके से चार आरोपी दबोचे गए, स्थानीय मास्टरमाइंड की तलाश

पुलिस द्वारा की गई इस त्वरित छापेमारी के दौरान धोवा नदी के किनारे चल रही मिनी गन फैक्ट्री को पकड़ा गया। मौके से अवैध आग्नेयास्त्र (हथियार) का निर्माण कर रहे चार अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो यह बात सामने आई कि एक स्थानीय व्यक्ति ही इन लोगों को यहां हथियार निर्माण के कार्य के लिए बुलाकर लाया था। पुलिस अब उस स्थानीय मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है और पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।


नालंदा जिले के रहने वाले हैं सभी गिरफ्तार आरोपी

इस अवैध धंधे में शामिल गिरफ्तार किए गए सभी चार आरोपी पड़ोसी जिले नालंदा के रहने वाले हैं। पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में विजय प्रसाद (उम्र करीब 57 वर्ष), धनंजय कुमार (उम्र करीब 32 वर्ष), सकलदीप प्रसाद (उम्र करीब 60 वर्ष) और मिथिलेश विन्द (उम्र करीब 55 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी आरोपी नालंदा जिले के चिकसौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बैरीगंज के निवासी हैं, जो यहां आकर टाल क्षेत्र की आड़ में इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे।


भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार और उपकरण बरामद

घटनास्थल से पुलिस को भारी मात्रा में पूर्ण रूप से तैयार और अर्धनिर्मित देसी कट्टा के साथ-साथ हथियार बनाने की सामग्री और मशीनें बरामद हुई हैं। बरामद सामानों में 03 पीस वैश मशीन, 01 पीस खन्दा (भाँती), 03 पीस कारतूस का खोखा, 01 पीस हैण्ड ड्रिल मशीन और 02 पीस पूर्ण रूप से तैयार देसी कट्टा शामिल हैं। इसके अलावा 03 पीस अर्धनिर्मित देसी कट्टा, भारी संख्या में रेती (कुल 17 पीस), छेनी (22 पीस), हेक्सा ब्लेड (47 पीस), स्प्रिंग, स्टर्ड, हथौड़ी, बटखरा और करीब 2 किलो कोयले का टुकड़ा सहित हथियार बनाने के कई अन्य औजार जब्त किए गए हैं।


छापेमारी दल में एएसपी समेत कई पुलिस अधिकारी रहे शामिल

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाले छापेमारी दल में पुलिस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जवान शामिल थे। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (ASP) बाढ़-02 श्री आयुष श्रीवास्तव कर रहे थे। उनके साथ पु०नि०-सह-थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा, पु०अ०नि० उमाशंकर मिश्रा, पु०अ०नि० मनमोहन कुमार, पु०अ०नि० राजकिशोर राम, एसटीएफ (STF) टीम पटना के जांबाज और बख्तियारपुर थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे, जिनकी मुस्तैदी से इस अवैध हथियार फैक्ट्री का पर्दाफाश हो सका।


रवि शंकर की रिपोर्ट