आरा में पुलिस से मुठभेड़ के बाद दो बदमाश दबोचे गए,CSP लूट की साज़िश नाकाम! हथियार-कारतूस बरामद
Bihar Police Encounter: भोजपुर पुलिस ने अगिआंव गढ़हनी थाना क्षेत्र में एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया।...
Bihar Police Encounter: भोजपुर पुलिस ने अगिआंव गढ़हनी थाना क्षेत्र में एक बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले ही नाकाम कर दिया। कस्टमर सर्विस प्वाइंट में लूट की साज़िश रच रहे हथियारबंद बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने दो शातिर मुल्जिमों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके दो साथी फायरिंग की आड़ लेकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मैगजीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि अगिआंव ब्लॉक के पूर्व स्थित आहार के पास एक झोपड़ी में चार से पांच हथियारबंद अपराधी किसी सीएसपी केंद्र को निशाना बनाने की साज़िश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जैसे ही पुलिस ने झोपड़ी को चारों तरफ से घेरा, बदमाश भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत नियंत्रित हवाई फायरिंग की और दो अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अगिआंव निवासी सूरज कुमार उर्फ गेहुमन और लसाढ़ी निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ और जांच में सामने आया कि सूरज कुमार उर्फ गेहुमन कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ अगिआंव गढ़हनी और सहार थाना में लूट, हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस मामले में अगिआंव (गढ़हनी) थाना में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब फरार बदमाशों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह की गिरफ्तारी तक अभियान जारी रहेगा, ताकि इलाके में किसी भी बड़ी लूटपाट या आपराधिक वारदात को पूरी तरह रोका जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट