नाव पर सवार होकर कटाव से परेशान लोगों के बीच पहुंचे तेजस्वी, नीतीश के खास नेता को चिट्ठी लिखकर बड़ी मांग

राघोपुर क्षेत्र के कई गांवों में गंगा के कटाव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर खेतिहर जमीन नदी में समा रही है, जबकि तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को घर और जमीन के नुकसान का डर सता रहा है।

Tejashwi Yadav Inspects Flood-Hit Raghopur
Tejashwi Yadav Inspects Flood-Hit Raghopur- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के कटाव प्रभावित इलाकों का दौरा किया। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर, तेज बहाव और लगातार हो रहे कटाव से तटवर्ती गांवों पर मंडरा रहे खतरे का जायजा लेने के लिए तेजस्वी यादव नाव और मोटरसाइकिल पर सवार होकर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने नाव से पूरे इलाके का भ्रमण किया और स्थानीय लोगों की परेशानियों को देखा। राघोपुर क्षेत्र के कई गांवों में गंगा के कटाव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर खेतिहर जमीन नदी में समा रही है, जबकि तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को घर और जमीन के नुकसान का डर सता रहा है।

तेजस्वी ने कहा, गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि और तेज बहाव के कारण अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के कटावग्रस्त स्थलों का निरीक्षण कर तटवर्ती गांवों पर मंडरा रहे खतरे का आकलन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं से जलस्तर एवं संभावित जोखिमों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।


अधिकारियों को जलस्तर एवं कटाव की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखते हुए अलर्ट मोड में रहने, स्थानीय ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा बाढ़ एवं कटाव की किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समाधान एवं कटाव निरोधक कार्यों हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


जल संसाधन मंत्री को लिखा पत्र

कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए तेजस्वी यादव ने बिहार के जल संसाधन मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल कटाव निरोधक कार्य शुरू कराने की मांग की है। पत्र में उन्होंने कहा है कि राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के राघोपुर और बिदुपुर प्रखंड की कई पंचायतें हर वर्ष बाढ़ और कटाव से प्रभावित होती हैं। गंगा के तेज बहाव के कारण इन इलाकों में जान-माल की क्षति का खतरा बना हुआ है।

तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में बह्रामपुर पंचायत और चकसिंगार पंचायत के शिव नगर लंका टोला समेत चिन्हित स्थानों पर तत्काल कटाव निरोधक कार्य कराने का आग्रह किया है। उन्होंने जल संसाधन विभाग से बोल्डर पिचिंग और जियो बैग के जरिए कटाव रोकने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।  बिहार के जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी हैं जो पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेहद खास माने जाते हैं।

बाइक और नाव से लिया हालात का जायजा

रविवार सुबह तेजस्वी यादव ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने कटाव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और नाव पर सवार होकर गंगा के तटवर्ती इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि नदी के कटाव से बड़ी संख्या में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। तेजस्वी ने प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद दिलाने और कटाव रोकने के लिए सरकार से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

रंजन की रिपोर्ट