Bihar Crime: इश्क, इंतकाम या कोई और राज? आरा में युवती की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, मोहल्ले में फुसफुसाहटों का बाजार गर्म

Bihar Crime:आरा शहर में एक रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।...

इश्क, इंतकाम या कोई और राज? - फोटो : reporter

Bihar Crime: भोजपुर के आरा शहर में एक रहस्यमयी मौत ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। नगर थाना क्षेत्र के मछुआ टोली मोहल्ले में सोमवार को एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत अब कई सवाल खड़े कर रही है। घटना के बाद जहां परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं मोहल्ले की गलियों में इश्क, तकरार और दर्दनाक अंजाम की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

मृतका की पहचान मछुआ टोली निवासी मेघनाथ की पुत्री संजना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती का शव घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिला। जैसे ही इस हादसे की खबर फैली, पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा जोरों पर है कि मामला कथित तौर पर प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। कुछ लोगों का दावा है कि संजना ने मानसिक तनाव में आकर पंखे से झूलकर अपनी जान दे दी। हालांकि यह सिर्फ चर्चा है, जिसकी अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौत के पीछे की असल कहानी अभी भी राज़ के पर्दे में छिपी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। फॉरेंसिक और मेडिकल रिपोर्ट के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह खुदकुशी है, हादसा है या फिर किसी साजिश का हिस्सा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से तहकीकात की जा रही है। परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि मौत के पीछे छिपे रहस्य से पर्दा उठाया जा सके।

मछुआ टोली में मातम पसरा हुआ है और हर जुबान पर एक ही सवाल है—क्या यह मोहब्बत का दर्दनाक अंजाम है, या फिर इस मौत के पीछे कोई और खौफनाक कहानी दफ्न है? अब सबकी निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत की असली हकीकत सामने ला सकती है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार