Bihar Crime: चोरी के इल्जाम में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुणे से 10 दिन पहले लौटा था घर, भीड़ के कहर ने उजाड़ दिया परिवार

Bihar Crime:चोरी के आरोप में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है।....

चोरी के इल्जाम में युवक की पीट-पीटकर हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime: भोजपुर जिले के इमादपुर थाना क्षेत्र के इंग्लिशपुर गांव में चोरी के आरोप में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस वारदात ने एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र के सोहगी गांव निवासी स्वर्गीय हीरालाल पांडेय के 23 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अखिलेश पुणे में रहकर मजदूरी करता था और करीब आठ से दस दिन पहले ही अपने घर लौटा था। परिवार को क्या पता था कि घर लौटने के कुछ ही दिनों बाद उसकी जिंदगी इस तरह खत्म हो जाएगी।

मृतक के बड़े भाई राकेश पांडेय ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिस का फोन आया, जिसमें उन्हें सूचना दी गई कि उनके भाई का शव आरा सदर अस्पताल में रखा है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि इंग्लिशपुर गांव में चोरी के आरोप में लोगों ने अखिलेश के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के भीड़ ने युवक को निशाना बनाया और उसकी जान ले ली। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, सभी दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही इमादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

रिपोर्टर- आशीष कुमार