चोरी केस में बेल दिलाने के नाम पर घूस ले रहा था ASI, निगरानी ने रंगे हाथो दबोचा

भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की मुख्यालय टीम ने सोमवार (24 अगस्त 2026) को बड़ी कार्रवाई की है। निगरानी की टीम ने एक एएसआई को घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है....

घूस लेते एएसआई गिरफ्तार- फोटो : रंजीत कुमार

Patna/Bettiah : भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की मुख्यालय टीम ने सोमवार (24 अगस्त 2026) को बड़ी कार्रवाई की। पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाने में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) उपेंद्र प्रसाद विद्यार्थी को 4,000 (चार हजार) की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। निगरानी टीम ने यह गिरफ्तारी नरकटियागंज स्थित हाईस्कूल चौक (शहीद चौक) के पास से की। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध दर्ज की गई यह 101वीं प्राथमिकी है।


विद्युत चोरी के मामले में बेल दिलाने के एवज में मांगी थी रिश्वत

मामले की जानकारी देते हुए निगरानी अधिकारियों ने बताया कि परिवादी अमृत कुमार (पिता- रामसागर चौधरी, निवासी- ग्राम पकड़ा, वार्ड नं0-09, थाना- शिकारपुर, बेतिया) ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी ने आरोप लगाया था कि उनके पिता पर दर्ज विद्युत चोरी से संबंधित शिकारपुर थाना कांड संख्या-794/26 (धारा-135) में बेल (जमानत) दिलाने के एवज में आरोपी ASI सह केस समन्वयक द्वारा 4,000 रिश्वत की मांग की जा रही है।


डीएसपी सतीश चन्द्र माधव के नेतृत्व में बिछाया गया जाल

शिकायत प्राप्त होने के बाद निगरानी ब्यूरो द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने का आरोप प्रथम दृष्टया सही पाया गया। इसके पश्चात 21 अगस्त 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या-101/26 दर्ज किया गया। अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक अस्मित कुमार के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सतीश चन्द्र माधव के नेतृत्व में एक विशेष धावा दल का गठन किया गया।


सोमवार (24 अगस्त 2026) को धावा दल ने योजनाबद्ध तरीके से शिकारपुर के शहीद चौक पर दबिश दी और ASI उपेंद्र प्रसाद विद्यार्थी को ₹4,000 नगद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ धर दबोचा।


विशेष अदालत मुजफ्फरपुर में पेश किए जाएंगे आरोपी ASI

निगरानी टीम द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त उपेंद्र प्रसाद विद्यार्थी को पूछताछ के बाद विशेष न्यायालय (निगरानी), मुजफ्फरपुर में उपस्थापित (पेश) किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी व अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।


रंजीत की रिपोर्ट