एक पियक्कड़ ने उतार दी पुलिस की हेकड़ी! सड़क पर जमकर किया तमाशा, फिर भी नहीं थमा नशे का हुड़दंग, वायरल वीडियो ने उठाए सवाल

एक अकेला पियक्कड़ पूरी पुलिस टीम को सड़क पर बेबस और परेशान कर देता है, उसे पकड़ने के लिए अतिरिक्त गाड़ियां बुलानी पड़ती हैं, तो फिर संगठित अपराधियों, हथियारबंद बदमाशों और गैंगस्टरों के सामने पुलिस की तैयारी कितनी कारगर होगी?....

पियक्कड़ को पकड़ने में पुलिस का छूटा पसीना- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में शराबबंदी के दावों के बीच औरंगाबाद के सलैया थाना क्षेत्र से सामने आया यह मंजर कानून-व्यवस्था पर कई तल्ख सवाल छोड़ गया। बेरी कलाली चौक के पास कासमा रोड स्टेट हाईवे पर बीती रात शराब के नशे में धुत एक शख्स ने ऐसा हंगामा बरपा किया कि राहगीर तमाशबीन बन गए और पुलिस की पूरी दबंगई सवालों के घेरे में आ गई। जिसने कानून की धज्जियां उड़ाईं, उसने वर्दी की हैसियत को भी खुली चुनौती दे डाली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नशे में चूर युवक बीच सड़क पर हंगामा, गाली-गलौज और बदसलूकी करता रहा। सूचना पर पहुंची सलैया थाना पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन मामला इतना आसान नहीं निकला। आरोप है कि नशेड़ी पुलिसकर्मियों से ही उलझ गया, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और यहां तक कि एक पुलिसकर्मी की वर्दी तक फाड़ दी। इसके बाद सड़क कुछ देर के लिए जंग का मैदान बन गई। पुलिस उसे गाड़ी में बैठाने की जद्दोजहद करती रही, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। वायरल वीडियो में पुलिस द्वारा बल प्रयोग करते हुए उसे काबू करने की कोशिश भी दिखाई दे रही है। आखिरकार एक शराबी पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, तब जाकर उसे थाना ले जाया गया।

थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि उन्होंने पुलिस के साथ मारपीट या वर्दी फाड़ने की बात से इनकार किया है।

लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि  जब एक अकेला पियक्कड़ पूरी पुलिस टीम को सड़क पर बेबस और परेशान कर देता है, उसे पकड़ने के लिए अतिरिक्त गाड़ियां बुलानी पड़ती हैं, तो फिर संगठित अपराधियों, हथियारबंद बदमाशों और गैंगस्टरों के सामने पुलिस की तैयारी कितनी कारगर होगी? यह घटना केवल एक शराबी का हंगामा नहीं, बल्कि कानून लागू करने वाली व्यवस्था की कारगुजारी पर उठता हुआ बड़ा सवालिया निशान भी है।

रिपोर्ट- दीनानाथ मौआर