Bihar Crime: पटना में संदिग्ध मौत से हड़कंप, मारपीट कर हत्या करने के संगीन आरोप से गरमाया इलाका
Bihar Crime: एक बोरा गोदाम में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने गोदाम मालिक और उसके लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है।...
Bihar Crime: राजधानी पटना के दीदारगंज थाना क्षेत्र स्थित महुली रोड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बोरा गोदाम में ट्रक चालक रमेश राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने गोदाम मालिक और उसके लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। वहीं, मृतक के शव के साथ ड्राइवर एसोसिएशन के लोग गोदाम के बाहर धरने पर बैठकर इंसाफ की गुहार लगा रहे हैं।
बताया जाता है कि समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत बनबीरा गांव निवासी रमेश राय रायपुर से ट्रक में बोरा लादकर महुली रोड स्थित बोरा गोदाम पहुंचा था। बोरा उतारने के दौरान गोदाम मालिक ने कथित तौर पर बोरा भीगा होने की बात कहते हुए करीब 6 लाख रुपये के नुकसान की भरपाई की मांग की। परिजनों के मुताबिक रमेश इतनी बड़ी रकम देने की स्थिति में नहीं था।आरोप है कि रकम को लेकर हुए विवाद के बाद गोदाम परिसर में रमेश के साथ मारपीट की गई। इसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजन मुन्ना यादव का कहना है कि रमेश ने फोन पर बोरा भीगा होने और गोदाम मालिक द्वारा नुकसान की रकम मांगने की जानकारी परिवार को दी थी। इसके बाद उसके साथ मारपीट किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने पूरे मामले में साजिश, मारपीट और हत्या की आशंका जाहिर करते हुए गोदाम मालिक समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। आरोप यह भी है कि वारदात के बाद गोदाम मालिक और वहां मौजूद अन्य लोग मौके से फरार हो गए।मामले की जानकारी मिलने पर मोरवा के राजद विधायक रणविजय साहू भी महुली पहुंचे। विधायक ने मृतक के परिजनों और ड्राइवर एसोसिएशन के लोगों के साथ गोदाम के बाहर बैठकर आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
विधायक रणविजय साहू ने कहा कि महज बोरा भीगने और नुकसान होने की बात को लेकर ड्राइवर के साथ मारपीट कर उसकी जान ले लेना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने प्रशासन से नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।फिलहाल मामला आरोपों के घेरे में है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही रमेश राय की मौत की वास्तविक वजह और कथित मारपीट की पूरी हकीकत स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट- रजनीश कुमार