Bihar Crime:बिहार में अपराधियों का दुस्साहस, घर के बाहर खड़ी चार बाइकों में लगाई आग, पानी की टंकी और कनेक्शन भी तोड़े

Bihar Crime: बांका जिले के अमरपुर शहर में बेखौफ असामाजिक तत्वों ने एक घर को निशाना बनाकर जमकर उत्पात मचाया। वार्ड संख्या आठ में बदमाशों ने बरामदे में खड़ी चार बाइकों को आग के हवाले कर दिया।

बिहार में अपराधियों का दुस्साहस- फोटो : reporter

Bihar Crime: बांका जिले के अमरपुर शहर में बेखौफ असामाजिक तत्वों ने एक घर को निशाना बनाकर जमकर उत्पात मचाया। वार्ड संख्या आठ में गुरुवार देर रात बदमाशों ने बरामदे में खड़ी चार बाइकों को आग के हवाले कर दिया। आग लगाने से पहले घर की छत पर लगी नगर पंचायत की सरकारी पानी टंकी और पानी के कनेक्शन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इससे आग बुझाने के लिए पानी का इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया। इस घटना में चार बाइक, मोटर, स्टार्टर समेत कई सामान जलकर राख हो गए। गृहस्वामी ने करीब दस लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया है।

गृहस्वामी अशोक कुमार के मुताबिक, गुरुवार रात वह अपने भाई और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर में सो रहे थे। किरायेदार देवराज आनंद और दीपक कुमार भी अपने कमरों में थे। देर रात अचानक घर में धुआं भरने लगा। खतरे को भांपते हुए किरायेदारों ने शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के लोग जागे तो बरामदे में खड़ी चारों बाइक आग की लपटों में घिरी थीं।परिजनों ने आग बुझाने के लिए पानी का कनेक्शन चालू करना चाहा, लेकिन टंकी और कनेक्शन क्षतिग्रस्त मिले। हालात बिगड़ते देख परिवार के सदस्य किसी तरह छत पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम और अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक किरायेदारों की दो और गृहस्वामी की दो बाइक पूरी तरह जल चुकी थीं। मोटर, स्टार्टर सहित अन्य सामान भी नष्ट हो गए।शुक्रवार सुबह उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि सह वार्ड पार्षद प्रदीप कुमार पप्पू, वार्ड पार्षद शंकर महतो और थानाध्यक्ष ने घटनास्थल का जायजा लिया। प्रदीप कुमार पप्पू ने घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

वहीं, वार्ड पार्षद शंकर महतो ने इलाके में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताई। उनका आरोप है कि शाम होते ही वार्ड में नशा करने वालों का जमावड़ा लग जाता है। ब्राउन शुगर का सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों के डर से मोहल्ले की महिलाएं शाम के बाद घरों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने नशे के कारोबारियों और सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की मांग की।

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आगजनी में शामिल लोगों की पहचान हो सके। उन्होंने जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत है और पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।

चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट