Bihar Crime: पुरानी रंजिश में इलाका बना रणक्षेत्र, मारपीट के बाद गोलीबारी, दो युवक गंभीर

Bihar Crime: बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में रविवार की सुबह पुरानी अदावत ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।...

मारपीट के बाद गोलीबारी- फोटो : reporter

Bihar Crime: बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में रविवार की सुबह पुरानी अदावत ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी में तब्दील हो गया। इस हिंसक वारदात में दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल कायम हो गया। घायलों की पहचान विजय पासवान के 27 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार और पंचानंद पासवान के 28 वर्षीय पुत्र निवास पासवान के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि झड़प के दौरान निवास पासवान की बाईं जांघ में गोली लग गई, जबकि संदीप कुमार पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। मारपीट में उसके हाथ और पैर टूटने की बात सामने आई है। वारदात की खबर मिलते ही डायल-112 की टीम और रजौन थाना के एसआई मनोज कुमार मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजौन पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने नाजुक हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल बांका रेफर कर दिया।

इस खूनी झड़प की वजह वर्ष 2025 की पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घायल संदीप कुमार के मुताबिक, पिछले साल छठ महापर्व और विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू रहने के बीच गांव में गोलीबारी हुई थी। उस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। संदीप का आरोप है कि उसी मामले की खुन्नस निकालने के लिए उस पर हमला किया गया।

वहीं, दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान संदीप के भाई भवानीशंकर ने गोली चलाई, जो निवास पासवान की जांघ में लगी। हालांकि, संदीप और उसके परिजनों ने इस इल्जाम को सिरे से खारिज करते हुए इसे फंसाने की साजिश बताया है।फिलहाल दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच रजौन पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है। गोली किसने चलाई और इस खूनी संघर्ष की असल वजह क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही होगा।

 चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट