Bihar Crime: पंचायत में सुलह कराने पहुंचे पंच ने विधवा के सिर पर मारी लाठी, मौत से मचा हड़कंप

Bihar Crime: विधवा महिला की लाठी से सिर पर वार किए जाने के बाद मौत हो गई। ...

पंचायत में सुलह कराने पहुंचे पंच ने विधवा के सिर पर मारी लाठी,- फोटो : reporter

Bihar Crime: बांका शंभूगंज प्रखंड क्षेत्र के रामचुआ पंचायत स्थित लखनपुर गोयड़ा गांव में सोमवार दोपहर पंचायत के दौरान एक 45 वर्षीय विधवा महिला की लाठी से सिर पर वार किए जाने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान सुमरी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पंच अनिल उर्फ लड्डू उपाध्याय मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, सुमरी देवी का अपने पड़ोसी के साथ पिछले तीन दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। विवाद को समाप्त कराने के लिए वार्ड संख्या-1 के पंच अनिल उर्फ लड्डू उपाध्याय की मौजूदगी में सोमवार दोपहर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान सुमरी देवी और पंच के बीच कहासुनी हो गई। इसी क्रम में पंच अनिल उर्फ लड्डू उपाध्याय ने कथित तौर पर महिला के सिर पर लाठी से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला मौके पर ही गिर पड़ी। आनन-फानन में ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही ,शंभूगंज थानाध्यक्ष प्रभाकर कुमार, दारोगा शंकर कुमार शर्मा एवं दारोगा सौरभ कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद आरोपी पंच के फरार होने की बात सामने आई है।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अमर विश्वास भी मौके पर पहुंचे। भागलपुर से एफएसएल की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बरामद साक्ष्यों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एसडीपीओ अमर विश्वास ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले में पूछताछ के लिए आरोपी की पत्नी और पुत्री को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

चार साल पहले पति की हो चुकी है मौत

सुमरी देवी के पति शंभू मंडल की करीब चार वर्ष पूर्व बीमारी के कारण मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद सुमरी देवी ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। बताया जाता है कि वह बकरी पालन करने के साथ-साथ लोगों के घरों में झाड़ू-पोछा कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं।मृतका के तीन नाबालिग बेटे मिट्ठू, शिवम और रौशन हैं, जबकि उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। मां की मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और गांव में भी शोक का माहौल है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट