Sheikhpura cyber crime: छात्रों के आधार-फिंगरप्रिंट से खुल रहे थे फर्जी बैंक खाते! बरबीघा में साइबर फ्रॉड का बड़ा खुलासा; 2 गिरफ्तार

Sheikhpura cyber crime: बरबीघा में छात्रों के आधार और बायोमेट्रिक पहचान का कथित दुरुपयोग कर फिनो पेमेंट बैंक में फर्जी खाते खोलने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 21 ब्लैंक ATM कार्ड समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

Sheikhpura cyber crime: शेखपुरा जिले के बरबीघा में छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक पहचान का कथित रूप से गलत इस्तेमाल कर फिनो पेमेंट बैंक में फर्जी खाते खोलने के मामले का मिशन थाना पुलिस ने खुलासा किया है। इन खातों का इस्तेमाल संदिग्ध लेनदेन के लिए किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बरबीघा नगर क्षेत्र के गंजपर मोहल्ला निवासी अरविंद साव के 22 वर्षीय बेटे रवि कुमार को गिरफ्तार किया है। रवि कुमार की निशानदेही और जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में कथित मास्टरमाइंड मालदह गांव निवासी शंभू साहू के बेटे साहिल कुमार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, बिना सिम वाला पोर्टेबल डिवाइस और फिनो पेमेंट बैंक के 21 ब्लैंक एटीएम कार्ड बरामद किए हैं।

छात्रा की शिकायत से हुआ मामले का खुलासा

अनुमंडल पुलिस प्राधिकारी डॉ. राकेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 5 अगस्त को मिशन थाना में गंजपर मोहल्ला निवासी कमलेश कुमार गुप्ता की बेटी शिवानी कुमारी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिवानी ने शिकायत में बताया था कि उन्हें जानकारी मिली कि उनके नाम और बायोमेट्रिक पहचान का इस्तेमाल करके फिनो पेमेंट बैंक में एक बैंक खाता खोला गया है। उनका कहना था कि उन्होंने इस खाते को खुलवाने के लिए न तो कोई आवेदन दिया था और न ही किसी तरह की सहमति दी थी। शिकायत में लाइब्रेरी की आड़ में छात्र-छात्राओं के फर्जी बैंक खाते खोलकर साइबर क्राइम किए जाने की आशंका जताई गई थी।

छात्र-छात्राओं के आधार और फिंगरप्रिंट को बनाया निशाना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, शेखपुरा के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के साथ सूचना जुटानी शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि रवि कुमार कथित तौर पर छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड और फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल कर उनके नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाता था।

जांच के दौरान रवि कुमार की पहचान साहिल कुमार से होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, साहिल के कहने पर रवि कुमार ने उसे फिनो पेमेंट बैंक से संबंधित यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराया था। इसके बदले प्रति खाते 5 हजार रुपये कमीशन देने की बात तय हुई थी। पुलिस के मुताबिक, साहिल कुमार ने 3 जुलाई से यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करना शुरू किया था।

स्कॉलरशिप फॉर्म भरने के दौरान भी दस्तावेजों के इस्तेमाल का आरोप

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जुलाई महीने में पोस्ट स्कॉलरशिप का फॉर्म भरने के दौरान कुछ छात्रों के खातों से पैसे निकालकर कथित रूप से फर्जी तरीके से दूसरे खातों में जमा किए गए।आरोप है कि आधार कार्ड और राशन कार्ड बनवाने के नाम पर भी कुछ लोगों से दस्तावेज लिए गए। इसके बाद उनके आधार से जुड़े फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल करके बैंक खाते खोले गए।

एक खाते के बदले 5 हजार रुपये कमीशन

पुलिस के अनुसार, फर्जी बैंक खाते खुलवाने के बदले आरोपियों के बीच कमीशन का लेनदेन भी हुआ।जांच में पता चला कि 14 जुलाई को यूपीआई के जरिए 4 हजार रुपये और 29 जुलाई को 3 हजार रुपये साहिल कुमार ने रवि कुमार को भेजे थे। पुलिस के अनुसार, यह रकम कमीशन के रूप में दी गई थी।साहिल कुमार ने कथित तौर पर रवि कुमार को भरोसा दिलाया था कि इस पूरी गतिविधि की जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को नहीं दी जाएगी। इसके बाद फिनो पेमेंट बैंक में खोले गए खातों में पैसों का लेनदेन शुरू होने की बात सामने आई।

लाइब्रेरी में पढ़ रही छात्रा को हुआ शक

मामले में महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब ज्ञान वृक्ष लाइब्रेरी में पढ़ रही छात्रा शिवानी कुमारी को अपने नाम पर बैंक खाता खोले जाने की जानकारी मिली। उसने इसकी जानकारी अपने अभिभावक को दी।इसके बाद संबंधित लोग लाइब्रेरी पहुंचे और मामले को लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान मामले से जुड़ी जानकारी सामने आई और रवि कुमार ने कथित तौर पर पूरी बात स्वीकार कर ली। इसके बाद शिवानी कुमारी समेत आधा दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने रवि कुमार के खिलाफ मिशन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।पुलिस के अनुसार, जब आरोपियों को पता चला कि छात्रों ने थाने में मामला दर्ज करा दिया है, तो वे कुछ दिनों तक फरार रहे।

छापेमारी में लैपटॉप और स्कैनर बरामद

पुलिस टीम रवि कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गंजपर स्थित रवि कुमार के घर पर छापेमारी की।तलाशी के दौरान पुलिस ने एचपी कंपनी का लैपटॉप, पुराना एप्पल आईपैड, अंगूठा लगाने वाला स्कैनर, एमजीओ पावर लैपटॉप का चार्जर और बिना सिम वाला पोर्टेबल मोबाइल डिवाइस बरामद किया।इन सामानों के साथ पुलिस ने रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, रवि कुमार ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया और साहिल कुमार की संलिप्तता के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने साहिल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।

साहिल के मोबाइल से कमीशन भेजने के सबूत मिलने का दावा

पुलिस के मुताबिक, साहिल कुमार के पास से बरामद मोबाइल फोन की जांच में ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनसे रवि कुमार को कमीशन के रूप में पैसे भेजे जाने की पुष्टि होती है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी रवि कुमार फिनो पेमेंट बैंक की यूजर आईडी और पासवर्ड का इस्तेमाल करके कथित तौर पर फर्जी बैंक खाते खोलता था। पूछताछ में उसके द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने का भी पुलिस ने दावा किया है।

कितने फर्जी खाते खुले, इसकी जांच जारी

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में अब तक कितने लोगों के आधार कार्ड और बायोमेट्रिक पहचान का इस्तेमाल किया गया है और कितने फर्जी बैंक खाते खोले गए हैं। पुलिस अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी के साथ-साथ तकनीकी जांच जारी है।

शेखपुरा जिले के बरबीघा से उमेश विजय की रिपोर्ट