पटना पुलिस को बड़ी सफलता ! बाढ़ में हुए बाइक शोरुम लूटकांड में बरामद हुए 6 लाख रुपए, व्यापारियों ने फूल देकर किया अभिनंदन

barh robbery case - फोटो : news4nation

पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए लूटी गई पूरी 6 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली है। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। ग्रामीण एसपी ने बताया कि 5 फरवरी को बाइक शोरूम संचालक ललन कुमार से दो बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े 6 लाख रुपये लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में छापेमारी की, जहां से लूट की पूरी रकम बरामद कर ली गई।


हालांकि पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही दोनों आरोपी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। लूटी गई राशि बरामद होने के बाद पीड़ित ललन कुमार और बाढ़ व्यापार मंडल के सदस्यों ने पुलिस का अभिनंदन करते हुए धन्यवाद दिया।


क्या हुआ था मामला

दरअसल, 5 फरवरी को बाढ़ थाना क्षेत्र में एसडीपीओ कार्यालय से कुछ ही दूरी पर दिनदहाड़े छिनतई की बड़ी वारदात हुई थी। बाइक सवार अपराधियों ने हीरो शोरूम के एक पार्टनर से 6 लाख रुपये छीनकर फरार हो गए थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था।


जानकारी के अनुसार, ललन कुमार बैंक से रुपये निकालकर पहले शोरूम पहुंचे थे। इसके बाद वे झोले में 6 लाख रुपये लेकर पैदल ही घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने झपट्टा मारकर रुपये से भरा झोला छीना और मौके से फरार हो गए थे।

बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट