Bihar Crime:बहियार में लाश मिलने से हड़कंप, नशे की परछाईं या साजिश का साया, एसपी ने संभाली खुद कमान, जल्दी होगा खुलासा

Bihar Crime: सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, पूरे गांव में हड़कंप मच गया।...

बहियार में लाश मिलने से हड़कंप- फोटो : reporter

Bihar Crime: एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बेगूसराय के मझौल थाना क्षेत्र के बाबा टोला मंझौल निवासी रामजीवन सिंह के पुत्र गणेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई है और आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने मारपीट कर शव को यहां फेंक दिया।

सूचना मिलते ही मंझौल डीएसपी नवीन कुमार और थानाध्यक्ष फैसल अंसारी मौके पर पहुंचे और इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू की। हालात की नजाकत को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मनीष भी घटनास्थल पर पहुंचे और हर बिंदु पर बारीकी से पड़ताल की। ग्रामीणों की मांग पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाकर वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि गणेश कुमार बुधवार को घर से निकला था। शाम करीब पांच बजे धनफर सड़क के पास उसे कुछ लोगों के साथ देखा गया था। गुरुवार सुबह लगभग दस बजे उसका शव काबर बहियार में पड़ा मिला। घटनाक्रम कई सवाल खड़े कर रहा है क्या यह किसी रंजिश का अंजाम है, या फिर हादसे की कहानी? पुलिस फिलहाल हर एंगल से तहकीकात कर रही है।

ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि युवक नशे का आदी था। हालांकि पुलिस ने इस पहलू की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, मगर घटनास्थल और हालात इस दिशा में भी इशारा करते नजर आ रहे हैं। पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मामला कत्ल का है या किसी और वजह से मौत हुई।

इधर घर में मातम पसरा है। मृतक विवाहित था और उसके एक बेटा-बेटी हैं। गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की अंतिम जांच पर टिकी है, जो इस ‘मौत के रहस्य’ से पर्दा उठाएगी।

रिपोर्ट- अजय शास्त्री